नई दिल्ली : पूर्व रक्षा मंत्री एवं गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म भूषण मनोहर पर्रिकर की जयंती के अवसर पर देशभर से राजनीतिक दलों के नेताओं और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी नेताओं ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण किया।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पर्रिकर की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन करते हुए देश की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में उनके योगदान को याद किया।केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय राजनीति में सादगी, ईमानदारी, सुचिता और कर्तव्यपरायणता की मिसाल रहे पद्म भूषण से सम्मानित मनोहर पर्रिकर की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन।गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने स्वर्गीय मनोहर पर्रिकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह व्यक्ति जिनकी सादगी ने हमें प्रेरित किया, उनकी ईमानदारी ने हमें जमीन पर खड़ा किया और उनकी दूरदर्शिता आज भी हमारा नेतृत्व करती है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मनोहर पर्रिकर सरलता और समर्पण के प्रतीक थे। वे लोकप्रिय राजनेता, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री रहे। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता राष्ट्रसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मनोहर पर्रिकर सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श प्रतिमान थे। उनका जीवन भारतीय राजनीति में ईमानदारी, पारदर्शिता और निर्भीक नेतृत्व का अद्वितीय उदाहरण है। देश की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में उनकी स्पष्ट सोच और दृढ़ संकल्प को सदैव याद किया जाएगा। गोवा के विकास और राष्ट्र की सुरक्षा को नई दिशा देने में उनका योगदान हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पूर्व रक्षा मंत्री एवं गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय मनोहर पर्रिकर का जीवन अनुशासन और सादगी का अतुलनीय प्रतीक रहा। राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण अनंतकाल तक युवाओं को प्रेरित करता रहेगा।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सादगी, शुचिता और समर्पण की मिसाल रहे पद्म भूषण मनोहर पर्रिकर को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन।उल्लेखनीय है कि, मनोहर पर्रीकर चार बार गोवा के मुख्यमंत्री और भारत के रक्षा मंत्री रहे। आईआईटी मुंबई से स्नातक करने वाले पहले मुख्यमंत्री थे और ‘मिस्टर क्लीन’ के नाम से प्रसिद्ध थे, जिन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान देश की रक्षा नीतियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया और 2019 में कैंसर से उनका निधन हो गया था।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal