Monday , October 13 2025

प्रदेश के अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है ग्रामीण बैंक : बृजेश पाठक

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। निराला नगर स्थित माधव सभागार में रविवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ऑफिसर्स एवं वर्कर्स ऑर्गेनाइजेशन और भारतीय मजदूर संघ का प्रथम संयुक्त अधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दीप प्रज्वलन कर किया।

डिप्टी सीएम ने कहाकि ग्रामीण बैंक प्रदेश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। आज हम ग्रामीण बैंकों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की जनता को आधुनिक बैंकिंग सुविधा दे रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों से कहा कि देश और प्रदेश की सरकार आपके हितों की रक्षा के लिए हमेशा तैयार खड़ी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्र प्रचारक पूर्वी उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अनिल ने कहा कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ऑफिसर्स एवं वर्क्स ऑर्गेनाइजेशन और भारतीय मजदूर संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की जनता विशेष कर किसानों, खेतिहर मजदूरों को उचित बैंकिंग सुविधा देना है। सरकार का भी यही प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र में बैंकिंग सुविधा आसानी से सुलभ हो।

उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय संगठन मंत्री, भारतीय मजदूर संघ (दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश) अनुपम, कार्यवाहक अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश राकेश सिंह, प्रदेश महामंत्री, भारतीय मजदूर संघ अनिल उपाध्याय ने वर्तमान परिस्थितियों में संगठन के योगदान एवं देश की अपेक्षाओं पर प्रकाश डाला।

 अपने संबोधन में अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, यादव सिंह ठाकुर ने कहाकि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 4500 से ज्यादा शाखाएं हैं। जहां 19233 अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं और हमारा व्यवसाय 2 लाख करोड़ से ज्यादा का है। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक देश का सबसे बड़ा बैंक है और व्यवसाय के नजरिए से यह 12वें नंबर पर आता है। हमारा निरंतर प्रयास है कि हम ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बैंकिंग सुविधा दे सकें।

उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय अधिकारी संगठन ललित सिंह ने कहा कि हाल ही में सरकार द्वारा एक राज्य एक ग्रामीण बैंक राष्ट्रीय ग्रामीण बैंक के गठन की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।

इस दौरान प्रमोशन एवं अप्वाइंटमेंट रूल्स 2010 में संशोधन बाय स्केल 4 की पुनर्व व्याख्या और स्पांसर बैंकों के समकक्ष भत्तों एवं अन्य लाभों की मांग की गई।

प्रभारी भारतीय ग्रामीण बैंक अधिकारी संगठन राजेंद्र शर्मा और सचिव, अखिल भारतीय अधिकारी संगठन धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह अधिवेशन और उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश भर के ग्रामीण बैंक कर्मचारियों की आवाज को सशक्त बनाएगा तथा उनके अधिकारों एवं मांगों के लिए एक संगठित मंच प्रदान करेगा। इस अवसर पर प्रदेश भर से आए ग्रामीण बैंकों के 800 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया में चुनाव अधिकारी अनिल उपाध्याय (महामंत्री, भारतीय मजदूर संघ, उत्तर प्रदेश) ने नए पदाधिकारियों का ऐलान किया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी संगठन के अध्यक्ष के रूप में रोहित सिंह एवं महामंत्री के रूप में पवन कुमार मिश्रा चुने गए। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष पद पर संतोष सिंह एवं महामंत्री सुधाकर लाल चुने गए। अधिकारियों में 30 लोगों की कार्यकारिणी चुनी गई एवं कर्मचारियों में 29 लोगों की कार्यकारिणी चुनी गई। कुछ पद रिक्त हैं जिन्हें बाद में भरा जाएगा। कार्यक्रम में संचालक के रूप में संजय शाही, ललित सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई।