Sunday , August 3 2025

रविन्द्र सिंह प्रदेश अध्यक्ष, अमित अग्रवाल बने लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री

अयोध्या (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लघु उद्योग भारती, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश कार्यकारणी एवं उद्यमी सम्मेलन का आयोजन शनिवार को ’’रघुकुल सदन’’ देवकाली में किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि  घनश्याम ओझा (अखिल भारतीय अध्यक्ष, मार्गदर्शक), श्रीप्रकाश (अखिल भारतीय संगठन मंत्री), राकेश गर्ग (अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आरम्भ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन व संगठन मंत्र के साथ किया गया। 

मधुसूदन दादू (प्रदेश अध्यक्ष) ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुये वर्ष 2023-25 की संगठन की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात् प्रदेश के सभी संभाग पदाधिकारियों द्वारा उनके कार्यकाल में हुई संगठन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी।

रमन चावला (प्रदेश कोषाध्यक्ष) व राघव सिंह (प्रदेश सह कोषाध्यक्ष) द्वारा वर्ष 2024-25 का लेखा विवरण प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात् भरत थरड (प्रदेश महामंत्री) ने संगठनात्मक वृत व प्रगति से अवगत कराया।

प्रदेश अध्यक्ष द्वारा वर्तमान कार्यकारणी को भंग करने की घोषणा के साथ अखिल भारतीय अध्यक्ष एवं संयुक्त महामंत्री ने प्रदेश की नई कार्यकारणी वर्ष 2025-27 घोषित की।  

जिसमें रविन्द्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष व अमित अग्रवाल (मुरादाबाद) को प्रदेश महामंत्री तथा रमन चावला को प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। साथ ही अरूण भाटिया (लखनऊ) को अवध संभाग सचिव मनोनीत किया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने संगठन के उद्देश्य के अनुरूप उद्योग हित, राष्ट्र हित की भावना के साथ सभी इकाईयों के सहयोग से संगठन में काम करने हेतु आश्वस्त करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

राकेश गर्ग (अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री) व अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने प्रदेश में संगठन की प्रगति पर हर्ष व्यक्त करते हुये नई टीम को उर्जा के साथ उद्यमी हित में कार्य किये जाने की अपेक्षा की। 

अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्रीप्रकाश के द्वारा अपने संबोधन में संगठन की 32 वर्षीय यात्रा और अपेक्षाओं से अवगत कराया गया। 

अयोध्या इकाई के अध्यक्ष संजीव कुमार गोयल ने नई अयोध्या कार्यकारणी का परिचय कराया तथा सभी नामित पदाधिकारियों का सम्मान किया। कार्यकारणी में  संजय मदान, अजय खन्ना उपाध्यक्ष, विक्रम माकिन जिला महामंत्री, स्तुति चंद्रा संयुक्त मंत्री, कोषाध्यक्ष आशीष आनन्द व मीडिया प्रभारी अरूण अग्रवाल वर्ष 2025-27 के लिये नामित किये गये है।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में औद्योगिक संगोष्ठी का आयोजन कार्यक्रम के प्रायोजक भारतीय औद्योगिक विकास बैंक (सीडबी) के साथ किया गया। राजीव कुमार (महाप्रबन्धक, सिडबी) द्वारा सूक्ष्म, लघु उद्योगों के लिये सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जा रहीं विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी उपलबध करायी गयी तथा उद्यमियों की शंकाओं का समाधान किया गया।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के रूद्रेश कुमार वैज्ञानिक अधिकारी द्वारा रक्षा उत्पादों के साथ सूक्ष्म, लघु उद्योगों की संबधता संबंधित चर्चा की गयी।

यूपीकोन से उपस्थित देवदत्त पाण्डेय व विशाल चंदानी द्वारा ईएसडी व रैम्प विषयों पर जानकारी दी गयी। उसका उद्देश्य उद्योगों के प्रदर्शन में सुधार करना है। उद्योगों से संबन्धित रैम्प योजना के अन्तर्गत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करायी गयी। वातावरण स्वच्छता के संबन्ध में जतिन मित्तल द्वारा किये जाने वाले प्रयासों के सम्बन्ध में उद्यमियों को अवगत कराया गया। 

दूसरे सत्र के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मंत्री अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास नन्द गोपाल गुप्ता ’नन्दी’ मौजूद रहें। प्रदेश महामंत्री ने मंत्री के समक्ष उद्योगों की समस्याओं को प्रदर्शित किया। जिसपर विचार करते हुये सरकार की ओर से शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। उद्यमियों से परिचर्चा के दौरान लघु उद्योग भारती के औद्योगिक विकास सम्बन्धी कार्यो की सराहना की। 

मंत्री ने अयोध्या इकाई के नये सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुये प्रदेश के 03 उद्योगों को उनके कार्य हेतु सम्मानित किया।