नव मनोनीत मण्डलीय पदाधिकारियों का स्वागत
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजधानी की उत्तरी सीट से विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही सफलता का पैमाना है। इसलिए संगठन सर्वोपरि की भावना के साथ समन्वय बनाकर राष्ट्र को मजबूती देने का काम करना है। ये बातें उन्होंने गुरुवार को सीतापुर रोड स्थित निज निवास पर भाजपा उत्तर क्षेत्र के सभी पांच मण्डलों की नव मनोनीत पदाधिकारियों के सम्मान समारोह में कहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ परिचय के साथ अंगवस्त्र प्रदान कर किया गया। सांगठनिक सहमति के बाद बुधवार की सायं घोषित मण्डलीय पदाधिकारियों में लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सभी पांच मण्डलों में 18-18 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन हुआ है। स्वागत समारोह में नव मनोनीत पदाधिकारियों ने अपनी बात भी रखी। समाजसेविका बिन्दू बोरा ने पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन टीम भावना के साथ पूरी मेहनत, लगन और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।


इस अवसर पर भाजपा महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, विवेक सिंह तोमर, सौरभ वाल्मीकि ने भी मण्डल पदाधिकारियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद बृज किशोर पाण्डेय, पूर्व मण्डल अध्यक्षों के साथ ही उत्तर मण्डल एक के अध्यक्ष दयाशंकर पाण्डेय, मण्डल दो के अध्यक्ष चन्द्रशेखर गुप्ता, मण्डल तीन के अध्यक्ष रमन निगम, मण्डल चार के अध्यक्ष शैलेंद्र मौर्या और मण्डल पांच के अध्यक्ष संजय तिवारी अपनी अपनी कार्यकारिणी के साथ मौजूद रहे।