लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वाधान में कुर्सी रोड स्थित हंस लान के सामने चल रहे अवध महोत्सव 2025 में भीड़ उमड़ रही है। लंदन ब्रिज, बुर्ज खलीफा एफिल टावर सभी के आकर्षण का केंद्र बने हैं।

अंडरवाटर फिश टनल में देश-विदेश की एक से बढ़कर एक मछलियां मनोरंजन करते हुए जनता को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
महोत्सव में भूत बंगला, झूले, खाने पीने के स्टाल, जरूरत की हर वस्तु के स्टॉल पर भीड़ दिख रही है। अवध महोत्सव में सेल्फी पॉइंट पर लोगों का फोटो सेशन और रील बनाना देर रात तक जारी रहता है।

भाजपा एमएलसी पवन सिंह चौहान ने अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष एनबी सिंह के साथ अवध महोत्सव 2025 का भ्रमण किया। उन्होंने फिश टनल एवं भूत बंगले में जाकर महोत्सव का आनंद लिया।


श्री चौहान ने कहा कि महोत्सव में एक छत के नीचे मनोरंजन के साथ ही तरह तरह के उत्पाद मौजूद हैं। इस खास महोत्सव को लगाने का श्रेय निश्चित रूप से विनोद कुमार सिंह एवं एनबी सिंह को जाता है। अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने एमएलसी पवन कुमार सिंह को अवध महोत्सव 2025 का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।