लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लंबित मांगों को लेकर 24 और 25 मार्च को होने वाली बैंक कर्मियों की हड़ताल स्थगित हो गई है। भारत सरकार एवं आईबीए के साथ UFBU के घटकों की वार्ता में बनी सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया है।।गौरतलब है कि UFBU के बैनर तले देश के सभी बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी नौ सूत्री मांगो को लेकर निरंतर संघर्ष कर रहे थे।

शुक्रवार को मुख्य श्रमायुक्त के सम्मुख भारत सरकार एवं भारतीय बैंक संघ के प्रतिनिधियों तथा यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस से संबंध सभी नौ घटकों के शीर्ष पदाधिकारियों के मध्य लंबी वार्ता हुई। जिसमें यह सहमति बनी कि भारत सरकार एवं बैंक प्रबंधन द्वारा बैंक कर्मियों की सभी नौ मांगों पर त्वरित वार्ता करके उनका समयबद्ध तरीके निस्तारण किया जाएगा। मुख्य श्रमायुक्त द्वारा भी इस सहमति के अनुपालन को सुनिश्चित कराया जाएगा।
शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 24 एवं 25 मार्च 2025 को प्रस्तावित बैंक कर्मियों की देशव्यापी हड़ताल एवं अन्य सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।