लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्री पब्लिक बाल रामलीला समिति द्वारा आयोजित 90वें वार्षिक रामोत्सव में विभीषण शरणागति, रामेश्वर स्थापना एवं अंगद-रावण संवाद की सुंदर और भावपूर्ण लीलाओं का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से रामायण के प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। विशेष रूप से पूरे विधि-विधान के साथ रामेश्वर स्थापना की लीला प्रस्तुत की गई, वहीं अंगद-रावण संवाद के दौरान पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
लीला में भगवान श्रीराम की भूमिका में विवेक मिश्रा, लक्ष्मण की भूमिका में कृष्णा मिश्रा तथा माता सीता की भूमिका में अथर्वा मिश्रा ने अभिनय किया। विभीषण की भूमिका में रमाशंकर मिश्रा, रामेश्वर स्थापना के प्रसंग में रावण की भूमिका में पंकज त्रिपाठी, अंगद की भूमिका में शीतांशु दीक्षित तथा हनुमान जी की भूमिका में रजत पांडेय ने अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया।

मंचन के दौरान लंकापति रावण के अनुचित आचरण से असहमत होकर विभीषण द्वारा भगवान श्रीराम की शरण ग्रहण करने के प्रसंग को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद समुद्र तट पर भगवान श्रीराम द्वारा रामेश्वर स्थापना की लीला का पूरे विधि-विधान के साथ मंचन हुआ। इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आस्था से सराबोर कर दिया।

इसके पश्चात अंगद-रावण संवाद की लीला में अंगद ने रावण की सभा में प्रभु श्रीराम का संदेश पहुंचाया और माता सीता को सम्मानपूर्वक लौटाकर युद्ध टालने की सलाह दी। रावण और अंगद के बीच हुए प्रभावशाली संवाद तथा अंगद के दृढ़ संकल्प के मंचन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
श्री पब्लिक बाल रामलीला समिति के 90वें वार्षिक रामोत्सव में प्रतिदिन रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के आदर्शों, सत्य, धर्म, भक्ति और मर्यादा का संदेश दिया जा रहा है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal