लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लखनऊ कैंपस के महर्षि स्कूल ऑफ साइंस एंड ह्यूमैनिटीज, डिपार्टमेंट ऑफ हुमैनिटीज और IQAC सेल ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मातृ भाषा दिवस के अवसर पर पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मातृ भाषा में बौद्धिक चेतना का विकास करना और उन्हें मातृ भाषा की महत्ता के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिता में लगभग 50 विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेताओं में बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा शुभा द्विवेदी ने तृतीय, बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा वंशिका ने द्वितीय और बी.ए. द्वितीय वर्ष के छात्र विशाल कुमार सिंह ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, अपनी देशज बोलियों में लेखन करने वाले तीन विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी मिला, जिनमें शीलू तिवारी, प्रतीक्षा गुप्ता और अमन सिंगला शामिल थे।
निर्णायक मंडल का प्रतिनिधित्व डा. मनोज कुमार सिंह, डा. सरिता वर्मा और राम प्रकाश दीक्षित ने किया। इस कार्यक्रम में डिपार्टमेंट ऑफ हुमैनिटीज के सभी संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भानु प्रताप सिंह, कुल सचिव डा. गिरीश छिमवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डा. राजेश सिंह के सहयोग से कार्यक्रम सुचारु रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर लखनऊ कैंपस के डीन एकेडेमिक्स डा. नीरज जैन और स्कूल की डीन डा. रूपम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन डा. विजय श्रीवास्तव ने किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal