Thursday , September 19 2024

अदाणी व अन्य कंपनियों ने 5 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ाए सेब खरीद के दाम

मंडी में अधिक दाम देखते हुए उठाया यह कदम

शिमला (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। हिमाचल प्रदेश में अदाणी एग्रो फ्रैश सहित अन्य सेब खरीद करने वाली कंपनियों ने सेब खरीद के दामों में प्रति किलोग्राम 5 रुपए की बढ़ोतरी की है। अब अच्छी क्वालिटी के सेब के खरीद के दाम 80 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 85 रुपए प्रति किलोग्राम हो गए हैं। फल मंडियों में सेब के अधिक दाम होने के कारण कंपनी ने यह निर्णय लिया है। फल मंडी में इन दिनों अच्छी क्वालिटी के सेब की पेटी 1,800 से 2,000 रुपए में बिक रही है, जबकि अदाणी व अन्य कंपनियों के रेट के अनुसार बागवानों को सेब की पेटी के 1,600 से 1,760 रुपए मिल रहे हैं।

इस कारण बागवान अच्छी क्वालिटी का सेब मंडियों में ला रहे हैं। इसे देखते हुए अदाणी ने सेब खरीद के दाम में 5 रुपए की बढ़ोतरी की है, ताकि बागवान अच्छी क्वालिटी का सेब उनके पास लाएँ, क्योंकि अदाणी खरीदे गए सभी सेब को स्टोर करता है तथा बाद में मंडी में बेचता है। यदि सेब की क्वालिटी अच्छी नहीं होगी, तो स्टोर में सेब खराब हो जाएँगे। प्रदेश में अदाणी सबसे बड़ा सेब खरीद करने वाला कारोबारी है तथा उसके सी.ए. स्टोर की क्षमता देख 20,000 मीट्रिक टन है।

गत वर्ष मंडी से भी की थी खरीद

गत वर्ष सेब की कमी को देखते हुए अदाणी ने मंडियों से भी सेब की खरीद की थी। इस बार भी कंपनी इस पर विचार कर रही है तथा यदि लक्ष्य पूरा नहीं हुआ, तो इस बार भी मंडी से सेब की खरीद कर सकती है।