ये भी पढ़े : हौसले के आगे उम्र व बीमारी ने भी टेके घुटने, किया मतदान
लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के महापर्व में फर्स्ट वोटरों ने भी लोकतंत्र के सजग प्रहरी का फर्ज निभाया और काफी उत्साहित दिखे। रोजगार, शिक्षा और राष्ट्रहित को फर्स्ट वोटरों ने अहम मुद्दा बताते हुये उन्होंने कहाकि मतदान करना सभी की जिम्मेदारी है।

सृष्टि अपार्टमेंट निवासी 18 वर्षीय श्रिया शर्मा सरगम अपार्टमेंट पोलिंग स्टेशन पर पहली बार मतदान करने के बाद काफी उत्साहित दिखी। श्रिया ने बताया कि वह काफी वक्त से इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहीं थी। उन्होंने राष्ट्रहित, महिला सुरक्षा व रोजगार को मुद्दा बताया।

सृष्टि अपार्टमेंट निवासी 19 वर्षीय पर्व टंडन ने भी सरगम अपार्टमेंट पोलिंग स्टेशन पहुँचकर पहली बार मतदान किया। पर्व ने बताया कि राष्ट्रहित, बेहतर शिक्षा व सुरक्षा के मुद्दे पर पहला वोट दिया है।

सरगम अपार्टमेंट पोलिंग स्टेशन में पहली बार मतदान करने के बाद जनेश्वर इंक्लेव निवासी 19 वर्षीय क्षितिज तनेजा ने कहाकि देश तरक्की कर रहा है। युवाओं को रोजगार मिल रहा है और सुरक्षा भी बेहतर हुई है।

पहली बार मतदान कर उत्साहित सृष्टि अपार्टमेंट निवासी 18 वर्षीय अनन्या वर्मा ने कहाकि महंगाई, बेहतर यातायात व्यवस्था, आर्थिक व्यवस्था में सुधार व महिला सुरक्षा अहम मुद्दा है। मेरा एक वोट मेरे व देश के उज्जवल भविष्य के लिए काफी महत्वपूर्ण है।

सृष्टि अपार्टमेंट निवासी 19 वर्षीय यागीनी गुप्ता ने दूसरी बार मतदान किया। इससे पहले वर्ष 2023 में योगिना ने नगर निगम चुनाव में पहली बार मतदान किया था। हालांकि लोकतंत्र के महापर्व में सोमवार को उनका पहला वोट था। योगिना ने भी विकसित भारत, राष्ट्रहित, शिक्षा, सुरक्षा व रोजगार को अहम मुद्दा बताया।

एमडीएम स्कूल जानकीपुरम में पहली बार मतदान कर 19 वर्षीय मानवी तिवारी काफी उत्साहित दिखी। देशहित, शिक्षा, विकास को अहम मुद्दा बताते हुए मानवी ने कहाकि पहली बार देशहित में वोट करने का मौका मिला जो सौभाग्य की बात है।

वहीं आईआईएम रोड निवासी प्रेरणा उपाध्याय ने भी पहली बार लोकतंत्र के महापर्व में आहुति डाली। प्रेरणा ने कहाकि हमारे देश की बागडोर ऐसे हाथों में हो जो देशहित में कार्य करे और भारत को पूरे विश्व में गौरान्वित करे।