अयोध्या दीपोत्सव के बाद चर्चा में आई ‘श्रीराम की अयोध्या’ नामक पुस्तक भेंट की गई

दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अयोध्या के विश्व प्रसिद्ध दीपोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों लोकार्पित होने के बाद चर्चा में आई पुस्तक ‘श्रीराम की अयोध्या’ के लेखक डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ‘संजय’ से नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लेखक के कार्यों को लेकर मुक्त कंठ से सराहना करते हुए बधाई दी। डॉ.जितेन्द्र सिंह ने भाजपा नेता को अपनी पुस्तक का अद्यतन अंक भेंट किया।

साहित्येतिहास के मूर्धन्य विद्वान डॉ.जितेंद्र कुमार सिंह ‘संजय’ ने बताया कि लोकार्पण के बाद पुस्तक का तीसरा संस्करण बाजार में आया है। पुस्तक में अयोध्या के संपूर्ण इतिहास के साथ-साथ भगवान श्रीराम के तमाम ऐतिहासिक संदर्भों पर तथ्यों एवं प्रमाणों के साथ प्रकाश डाला गया है। यही कारण है कि इस पुस्तक ने प्रकाशित होने के थोड़े ही समय में महत्व स्थापित कर लिया। देश के कई हिस्सों में इस पुस्तक पर चर्चा सत्र आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में फरवरी माह में संस्कृति विभाग द्वारा अयोध्या में किए जा रहे रामोत्सव कार्यक्रम में इस पुस्तक पर एक कार्यक्रम रखा गया था। 18 एवं 19 मार्च को राजस्थान के उदयपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध सिटी पैलेस में मेवाड़ राजघराने के द्वारा इस पुस्तक की चर्चा पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। अन्य कई कार्यक्रम अभी प्रक्रिया में हैं।