लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में अवध शिल्प ग्राम, अवध विहार योजना में चल रहे 5वें लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या में अवधी गीतों संग देश भक्ति नृत्य ने मंत्रमुग्ध किया। गुरुवार को महोत्सव की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और एनबी सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर पवन पाल, हेमा खत्री, शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वीरवर लक्ष्मण जी को समर्पित लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव की दूसरी संध्या का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। जिसके उपरान्त बाल नृत्यांगना रिद्धिमा कौशल ने हिंडोला कुँज वन डालो झूलन आईं राधिका प्यारी पर भाव पूर्ण अवधी लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अंकिता बाजपेयी के नृत्य निर्देशन में नृत्य मंथन स्कूल ऑफ डांस के कलाकारों अद्विका, अयान, सार्थक, सैम, साक्क्षी, कास्वी, अनाम, आराध्या, संचिता, आयत और पलक ने देश रंगीला रंगीला देश मेरा रंगीला जैसे गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों में देशप्रेम की भावना जागृत की। अरविन्द सक्सेना के संचालन में नन्ही कोमल कोपलों अग्रिमा द्विवेदी, आशी सिंह, मन्नत, कनिका, आराध्या यादव, श्रव्या, आनन्दी, आनन्दत, जीविका, मिहीका, रिद्धि, उपन्या और सृष्टि ने रंग बिरंगे वस्त्रों में कैटवाक कर जलवा बिखेरा।

मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त आशी ने गरबा नृत्य की मोहक प्रस्तुति दी। वहीं अग्रिमा ने खलासी और आराध्या ने बावन गज का लहंगा पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा अवंतिका श्रीवास्तव और अग्रिम राज श्रीवास्तव ने अवधी गीतों की रस सरिता प्रवाहित की।
लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव में खुर्जा की पॉटरी, सहारनपुर का फर्नीचर, वुड कार्विंग, स्थानीय हैन्डीक्राफ्ट के साथ घरेलू और स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, कालीन इत्यादि के स्टाल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जिस पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसके अलावा बच्चों और युवाओं को झूले बहुत भा रहे हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal