लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीपुरम में विश्व टीकाकरण दिवस के अवसर पर राधासखी फाउंडेशन के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
यूपीएचसी की डॉ. नीरज ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। राधासखी फाउंडेशन से डायरेक्टर अभिषेक सिंह और मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रीति भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण के महत्व को बढ़ावा देना, वैक्सीनेशन के माध्यम से विभिन्न संक्रामक रोगों से सुरक्षा सुनिश्चित करना और समुदाय में जागरूकता फैलाना था।

आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। डॉ. नीरज ने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और वैक्सीनेशन ड्राइव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभिषेक सिंह और डॉ. प्रीति ने फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों पर प्रकाश डाला।
यह कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने और हर पीढ़ी के लिए वैक्सीन के महत्व को रेखांकित करने में सफल रहा। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर संकल्प लिया कि टीकाकरण को और अधिक प्रभावी बनाकर समाज को स्वस्थ रखेंगे। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal