Friday , October 18 2024

भाजपा राज में आधी आबादी को पूरा सम्मान : भूपेन्द्र सिंह

▪️ लखनऊ उत्तर विधानसभा में हुआ नारी शक्ति वंदन सम्मेलन

▪️ महिलाओं ने जताया प्रधानमंत्री का आभार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भाजपा सरकार ने आधी आबादी को पूरा सम्मान दिया है। देश की संसद ने दशकों से अधर में लटके महिला आरक्षण के मुद्दे को कानूनी जामा पहनाया है। लखनऊ उत्तर विधानसभा में भाजपा द्वारा आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उक्त बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहीं। सीतापुर रोड स्थित मान लान में गुरुवार शाम आयोजित सम्मेलन का शुभारम्भ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायतों में महिला आरक्षण है किन्तु विधानमंडलों व संसद में आरक्षण का मामला वर्षों से लटका रहा। महिला सशक्तिकरण के लिए कानून बनवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधी आबादी की मांग को पूरा किया। उन्होंने कहा कि जब से केन्द्र में भाजपा की सरकार आई है तबसे महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं लायी गयी हैं। योजनाओं का विवरण देते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने महिलाओं के मान सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि भारत को विकसित बनाने में मातृ शक्ति को बड़ी भूमिका निभानी होगी।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने कहाकि देश की महिलाएं सशक्त हों और विधायी नेतृत्व करें यही भाजपा सरकार की मंशा रही है। नारी शक्ति कानून पास करवाकर सरकार ने उसी मंशा को स्पष्ट किया है। भाजपा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि भारतीय समाज में नारी श्रेष्ठ है। हम कन्याओं का पूजन करते हैं। मोदी जी के नेतृत्व में उस नारी शक्ति को विभिन्न योजनाओं के केंद्र में रखा गया है। महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि नारी शक्ति वन्दन कानून महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

समाजसेविका बिन्दू बोरा ने कहा कि महिलाओं को जो सुरक्षा और सम्मान भाजपा सरकार ने दिया है वह आज तक नहीं मिला। महिलाएं निर्भय हैं गयी हैं और आज उन्हें कोई आंख उठाकर भी नहीं देख सकता। समाजसेवी नम्रता पाठक ने कहा कि समाज के हर क्षेत्र में बच्चियां आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं घर चला सकती हैं तो वो समाज को भी साथ लेकर चलने में सक्षम हैं। प्रधानमंत्री जी ने नारी शक्ति को जो सम्मान दिया है उसके लिए हम सभी आभारी हैं। महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष गोदावरी मिश्रा ने महिलाओं से घर घर जाकर सरकार की उपलब्धियां बताने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष सीता नेगी, नगर महामंत्री रीना चौरसिया, पार्षदगण रानी कनौजिया, अभिलाषा कटियार, रश्मि सिंह, प्रियंका बाजपेई, राजकुमारी मौर्या, निशा तिवारी, पूर्व पार्षद कुमकुम राजपूत, रुपाली गुप्ता, संतोष तेवतिया के अलावा नम्रता सिंह श्रीनेत, दिव्यांशी शुक्ला, गुड़िया निगम, नीलम सिंह, स्मिता त्रिवेदी, पिंकी गुप्ता, अपर्णा मिश्रा, रत्ना श्रीवास्तव, नमिता सिंह, नाजिरा हुसैन, माला निगम, आशा मिश्रा, उमा मिश्रा, सरिता सिंह, बबिता सिंह, रीता सिंह, अभिरुचि बाजपेई सहित भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। संचालन महिमा सिंह ने किया।