Saturday , July 27 2024

PNB : हर घर तिरंगा अभियान के तहत वॉकथॉन का आयोजन

एजेंसी (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंजाब नैशनल बैंक ने रविवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत वॉकथॉन का आयोजन किया। यह पहल आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वाधान में भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान से प्रेरित था। जिसका उद्देश्य भारत के राष्ट्रीय ध्वज को भारतीय नागरिकों के दिलों के करीब लाना है। पीएनबी के द्वारका स्थित मुख्यालय से शुरु हुए इस वॉकथॉन में पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अतुल कुमार गोयल ने बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मियों के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर बोलते हुए अतुल कुमार गोयल (एमडी एवं सीईओ, पंजाब नैशनल बैंक) ने कहा “हमें पीएनबी वॉकथॉन के माध्यम से `हर घर तिरंगा’ अभियान को मनाते हुए प्रसन्नता हो रही है। यह वॉकथॉन हमारे देश के उन वीर शहीदों का सम्मान है जिन्होंने स्वाधीनता संग्राम में अपने जीवन का बलिदान दिया। यह वॉकथॉन हमें देश को समावेशी, सहिष्णु और आत्म-निर्भर बनाने के हमारे समर्पण की भी याद दिलाता है। इस दिन को और भी अधिक यादगार बनाने और हमें अपनी मातृभूमि का बेहतर नागरिक बनने का स्मरण कराने के लिए हम अपने देश के नागरिकों से उनके घरों पर तिरंगा प्रदर्शित करने का अनुरोध करते हैं।”

पीएनबी ने “हर घर तिरंगा” अभियान के हिस्से के रूप में आम जनता के बीच भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के वितरण व इसके प्रति जागरुकता बढ़ाई। पीएनबी अधिकारियों ने भारतीय तिरंगे का सम्मान व गरिमा को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।