Saturday , October 31 2026

बाल निकुंज : सभी शाखाओं में मनाया गया राष्ट्र एकता दिवस, बच्चों ने ली शपथ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की सभी शाखाओं में शनिवार को लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्र एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला गया। प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल ने कहा कि देश की आजादी के समय भारत 565 से अधिक छोटी-बड़ी रियासतों में विभाजित था। इन रियासतों का एकीकरण करना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य था। आजाद भारत के प्रथम गृहमंत्री के रूप में सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता से इस चुनौती को स्वीकार किया और रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के प्रयासों से देश को एक सूत्र में पिरोने और मजबूत राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव याद किया जाता रहेगा। उनके आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समर्पण की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर बाल निकुंज के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, विभिन्न शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।