लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए राशन वितरण अभियान तेज कर दिया गया है। रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की पहल पर बुधवार को महर्षि विद्या मंदिर से राशन किट से लदी सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा और रक्षामंत्री के विशेष कार्याधिकारी केपी सिंह की मौजूदगी में राहत सामग्री से भरे वाहनों को रवाना किया गया। राशन किट अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई हैं।

गौरतलब है कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने फैजुल्लागंज के दौरे के दौरान क्षेत्र के 10 हजार परिवारों को राशन उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसी क्रम में न्यू दाउदनगर, वैष्णवीपुरम, पीली कॉलोनी, दुर्गापुरी, नंदपुरम और कृष्ण लोक समेत विभिन्न बाढ़ प्रभावित कॉलोनियों में राशन किट वितरित की जाएंगी। इसका उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों को दैनिक उपयोग की आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
राशन किट में आटा, चावल, अरहर की दाल, सरसों का तेल, चीनी, अचार, मसाले, आलू, नमक, प्याज समेत अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल है। राहत वितरण अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों तक सामग्री पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक राहत सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए कार्यकर्ता सेवा भाव से जुटे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का मानना है कि संकट की घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता करना और उनके साथ मजबूती से खड़े रहना सभी का दायित्व है। जरूरतमंदों की मदद के संकल्प के साथ राहत कार्य लगातार जारी हैं।
राहत सामग्री रवाना किए जाने के दौरान केपी सिंह, विनोद बाजपेयी, मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्य, पार्षद रश्मि सिंह, प्रदीप शुक्ला, अंकुश बाजपेयी, विजय सिंह, राम शरण सिंह, सुनील सिंह, कृपा शंकर मिश्रा, लवकेश सिंह, अनुराग साहू, प्रवीन गर्ग, श्रेया निगम, सौरभ मिश्रा, दिव्यांशी शुक्ला, पुनीत शुक्ला और सतीश वर्मा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal