मिर्जापुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना’ को मिर्जापुर जिले में व्यापक स्तर पर पहुंचाने और अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने के लिए शुक्रवार को विकास भवन के मीटिंग हॉल में विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, यूपीनेडा, बैंक, डिस्कॉम प्रतिनिधि, सोलर वेंडर तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय सुविधा, गुणवत्तापूर्ण स्थापना और जनजागरूकता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का आयोजन पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उत्तर प्रदेश राज्य चैप्टर एवं फर्स्टव्यू द्वारा उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण के सहयोग से किया गया। यह पूर्वांचल के सात जिलों में आयोजित की जा रही जिला स्तरीय जागरूकता एवं आउटरीच कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश पीएम सूर्य घर योजना में देश में प्रथम स्थान पर है, इसकी सफलता को बनाये रखने के लिए जिला प्रशासन, सरकारी विभागों, बैंकों और सोलर वेंडरों के बीच प्रभावी समन्वय बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हर पात्र परिवार तक योजना का लाभ बिना देरी पहुंचे, इसके लिए आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण और गुणवत्तापूर्ण सोलर स्थापना सुनिश्चित की जान चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि मिर्जापुर इस योजना के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति कर सके।
जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि योजना की जानकारी ब्लॉक और ग्राम स्तर तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में परिवारों को अभी भी रूफटॉप सोलर पर मिलने वाली सब्सिडी और अन्य सुविधाओं की पूरी जानकारी नहीं है। ऐसे में ग्राम एवं ब्लॉक स्तरीय टीमें लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जिला उद्योग केंद्र, मिर्जापुर के महाप्रबंधक और यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि बढ़ती बिजली लागत छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए बड़ी चुनौती है। रूफटॉप सोलर अपनाकर MSME इकाइयां अपनी परिचालन लागत कम करने के साथ प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ा सकती हैं। उन्होंने सोलर अपनाने की इच्छुक इकाइयों को जिला उद्योग केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि अभिकरण लाभार्थियों और वेंडरों को जिला स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराता रहेगा। उन्होंने नागरिकों से आधिकारिक पोर्टल और पंजीकृत वेंडरों के माध्यम से ही आवेदन करने की अपील की।
यूपीनेडा के नोडल अधिकारी ने ‘पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना–जिला क्रियान्वयन एवं अवसर’ विषय पर प्रस्तुति देते हुए आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी संरचना और सोलर स्थापना की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रूफटॉप सोलर से बिजली का खर्च कम करने के साथ अतिरिक्त बिजली से आर्थिक लाभ की संभावनाएं भी बनती हैं। उन्होंने बताया कि मिर्ज़ापुर जनपद में अभी तक 10000 से अधिक रूफटॉप सोलर पैनल की स्थापना हो चुकी है और लगभग 800 से अधिक पैनल स्थापना की प्रक्रिया में है।
कार्यक्रम के वित्तीय सत्र में इंडियन बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आनंद कुमार झा ने कहा कि बैंक पात्र आवेदकों को रूफटॉप सोलर लगाने के लिए वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि ऋण की आवश्यकता वाले ग्राहक आवश्यक दस्तावेजों के साथ निकटतम बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में UPEX 2026 के कॉन्फ्रेंस को-कन्वीनर पंकज कुमार ने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रमों का उद्देश्य लाभार्थियों, वेंडरों, बैंकों और बिजली विभाग को एक साझा मंच पर लाना है। सभी हितधारकों के समन्वित प्रयासों से रूफटॉप सोलर को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में तेजी लाई जा सकती है।
ओपन हाउस सत्र में प्रतिभागियों ने सब्सिडी, बैंक वित्तपोषण, आवेदन प्रक्रिया और सोलर स्थापना की समय-सीमा से जुड़े सवाल पूछे। अधिकारियों ने सवालों के जवाब देते हुए क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहयोग का आश्वासन दिया।
आयोजकों ने बताया कि ये जिला स्तरीय आउटरीच कार्यक्रम उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (UPEX) 2026–वाराणसी संस्करण की तैयारियों का भी हिस्सा हैं। एक्सपो का आयोजन 4 से 6 दिसंबर तक दीनदयाल हस्तकला संकुल, वाराणसी में होगा। इसमें सोलर EPC, सूर्यगुरुकुल के तहत वेंडर प्रशिक्षण, ग्रिड आधुनिकीकरण, ऊर्जा भंडारण, पीएम-कुसुम, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा संस्थानों एवं MSME के लिए स्वच्छ ऊर्जा समाधानों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के अंत में पीएचडीसीसीआई उत्तर प्रदेश राज्य चैप्टर के वरिष्ठ रेजिडेंट ऑफिसर शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने जिला प्रशासन, यूपीनेडा, बैंकों, सोलर वेंडरों और सभी प्रतिभागियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सौर ऊर्जा का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जा सके।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal