लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत की संकल्पना’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों एवं मंडलों से चयनित करीब 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। युवाओं ने अपने विचारों और अभिव्यक्ति के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमरपाल ने कहा कि युवाओं का अभिव्यक्ति कौशल राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें ज्ञान, संस्कृति, मानवीय मूल्यों और वैश्विक उत्तरदायित्व से संपन्न भारत की संकल्पना शामिल है। उन्होंने युवाओं से सफलता और असफलता में समभाव रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।


संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा, प्रयागराज प्रो. बीएल शर्मा ने प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट विचारों को संकलित कर पुस्तिका के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। इससे युवा प्रतिभागियों की सोच और विचार व्यापक समाज तक पहुंच सकेंगे।


विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न सभागारों में आयोजित प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के विचार, विषय-वस्तु और अभिव्यक्ति कौशल के आधार पर परिणाम घोषित किए। महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली की लवी सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केडी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, मथुरा की अनुष्का द्वितीय और राजा बलवंत सिंह कॉलेज, आगरा की खुशबू मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। सांत्वना पुरस्कार केएस साकेत पीजी कॉलेज, अयोध्या की कृतिका अग्रवाल और बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय, आगरा की अंजलि शर्मा को प्रदान किया गया।

समापन सत्र में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने युवाओं के नवीन विचारों को सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सनोबर हैदर ने किया, जबकि आभार क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, लखनऊ प्रो. अश्विनी मिश्र ने व्यक्त किया।
समग्र रूप से प्रतियोगिता युवाओं की रचनात्मक सोच, अभिव्यक्ति और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को मंच देने वाला आयोजन रहा। इसमें प्रतिभागियों ने विकसित भारत की संकल्पना को लेकर अपने विचार साझा किए।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal