Thursday , September 17 2026

राजभाषा को औपचारिकता नहीं, कार्य-व्यवहार का हिस्सा बनाएँ : दिपेश राज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय में राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक मुख्य महाप्रबंधक दिपेश राज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि राजभाषा कार्यान्वयन केवल एक औपचारिक दायित्व नहीं, बल्कि कार्यालयीन कार्य-व्यवहार को अधिक सरल, स्पष्ट और प्रभावी बनाने का माध्यम है।

उन्होंने कहाकि हिंदी को केवल राजभाषा पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए दैनिक कार्य-व्यवहार का सहज हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने विभागाध्यक्षों से अपने-अपने विभागों में हिन्दी के प्रयोग को निरंतर प्रोत्साहित करने तथा स्टाफ सदस्यों से हिन्दी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक सहभागिता करने का आह्वान किया।

मुख्य महाप्रबंधक ने कहाकि बैंकिंग क्षेत्र में सरल और आत्मीय भाषा ग्राहकों के साथ संवाद को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवीन तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए हिन्दी में कार्य करने को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक ने मंडल राजभाषा विभाग द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका ‘वातायन’ के नवीन अंक तथा ‘राजभाषा ज्ञान पुस्तिका’ के सप्तम संस्करण का विमोचन किया। कार्यालय को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, लखनऊ द्वारा राजभाषा शील्ड में द्वितीय पुरस्कार तथा ‘वातायन’ को गृह पत्रिका शील्ड में प्रथम पुरस्कार प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्य महाप्रबंधक ने राजभाषा विभाग को बधाई दी।

राजभाषा  पखवाड़े के अंतर्गत मंडल स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में स्टाफ सदस्यों से इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता का आह्वान किया गया। इस दौरान बेहतर राजभाषा कार्यान्वयन के लिए परिसर एवं संपदा विभाग को विजेता तथा जांच एवं निगरानी विभाग को उपविजेता के रूप में विभागीय राजभाषा शील्ड प्रदान की गई।

बैठक में महाप्रबंधक कौशलेंद्र कुमार, विमल किशोर, राजीव कुमार सहित कार्यालय के उप महाप्रबंधकगण एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन मंडल विकास अधिकारी धीरेन्द्र महे और संचालन सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) दिवाकर मणि ने किया।