लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भगवान श्रीकृष्ण की छठी के शुभ अवसर पर पल्टन छावनी स्थित श्रीराधाकृष्ण मंदिर से बुधवार शाम गाजे-बाजे के साथ रामडोल झांकी शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाएं ‘‘बधाइयां बाजे आंगने में…’’, ‘‘मेरा कोई न सहारा बिन तेरे, गोपाल सांवरिया मेरे…’’, ‘‘श्याम सपने में आता क्यूं नहीं…’’ और ‘‘श्याम तेरी बंसी पागल कर जाती है…’’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देती हुई चल रही थीं, जबकि श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।

‘‘हाथी घोड़ा पालकी, जै कन्हैया लाल की’’ के जयकारों के बीच शोभायात्रा मंदिर परिसर से रवाना हुई। यात्रा सेक्टर-ए सीतापुर रोड योजना कॉलोनी, पल्टन छावनी, ताड़ीखाना, सीतापुर रोड, आदिशक्ति मां विंध्याचल देवी मंदिर, सेक्टर-क्यू और राम-राम बैंक चौराहा समेत विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी और वापस मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी। भक्तों ने भक्ति गीतों और जयकारों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान किया। शोभायात्रा के समापन के बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर आयोजक ओम प्रकाश यादव और अमित यादव के साथ सत्य प्रकाश मिश्रा, संजू यादव, शम्भू शरण वर्मा, रेखा यादव, मालती यादव, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal