लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय कन्या महाविद्यालय, राजाजीपुरम, नशा मुक्ति युवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना एवं नशा मुक्ति युवा भारत समिति के संयुक्त तत्वाधान में प्रेरणादायक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, सार्थक एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में वृंदावन से पधारे संत विदग्ध माधव दास मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को सही संगत के महत्व को समझाते हुए आध्यात्मिकता से जुड़ने, जीवन के उद्देश्य को समझने तथा जीवन-दर्शन पर चिंतन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को नशे तथा क्षणिक और मिथ्या सुखों से दूर रहकर अपने जीवन को सार्थक एवं रचनात्मक कार्यों के लिए समर्पित करना चाहिए। उनके विचारों ने विद्यार्थियों को आत्मचिंतन, संयम और सकारात्मक जीवन-मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।

महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में नशे के व्यक्ति के मन, शरीर एवं आत्मा पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
आयोजन में महाविद्यालय की नशा मुक्ति/तंबाकू निषेध समिति के सदस्यों—डॉ. संजीव कुमार अग्रवाल, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, डॉ. विशाखा कमल, डॉ. निशी मिश्रा एवं डॉ. शेफाली सिंह एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की सद्भावना इकाई, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशी मिश्रा तथा प्रेरणा इकाई, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल वर्मा का अमूल्य योगदान रहा।

अतिथि व्याख्यान के पश्चात महाविद्यालय की प्रो. प्रियंका शर्मा, डॉ. निशी मिश्रा सहित अनेक विद्यार्थियों ने मुख्य वक्ता से विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। संत विदग्ध माधव दास जी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें जीवन में आत्मानुशासन, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रज्ञा मिश्रा द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं 86 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर संत विदग्ध माधव दास द्वारा रचित विभिन्न आध्यात्मिक पुस्तकों का प्रतिभागियों के बीच वितरण किया गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal