Friday , July 31 2026

राहुल गांधी को भाजपा का जवाब, भारत का अतीत याद है इसलिए वर्तमान पर है गर्व

नई दिल्ली : राहुल गांधी के भारत के अतीत पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि देश का वास्तविक अतीत वह था, जब आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा गया था।उन्होंने एक्स पर अपने निजी अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा, “मैं उस समय केवल 13 वर्ष का था। इंदिरा गांधी के खिलाफ नारे लगाने के कारण मुझे जेल भेज दिया गया। मेरी मां को भी जेल में डाल दिया गया। बाद में मेरे पिता, जो सरकारी कर्मचारी थे, उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। कई महीनों तक हमारा पूरा परिवार अलग-अलग जेलों में बंद रहा, केवल इसलिए क्योंकि हमने लोकतंत्र के पक्ष में आवाज़ उठाई थी।”गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि आज का भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत, आत्मविश्वासी और जीवंत लोकतंत्र है, जहाँ नागरिक उन स्वतंत्रताओं का आनंद लेते हैं जिन्हें आपातकाल के दौरान कुचल दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का एक वर्ग आज भी उसी आपातकालीन मानसिकता से प्रेरित होकर विदेशी मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास करता है।उन्होंने उस दौर के चलाए गए जबरन नसबंदी अभियान का भी उल्लेख किया, जिसे व्यापक रूप से संजय गांधी के प्रभाव से जोड़ा जाता है। कहा गया कि इस अभियान ने लाखों परिवारों को प्रभावित किया और सत्ता के दुरुपयोग का प्रतीक बन गया। गोपाल कृष्ण ने विश्वास व्यक्त किया कि आज का भारत लोकतांत्रिक, आत्मविश्वासी और आकांक्षी है तथा नई पीढ़ी अतीत की विफलताओं और वर्तमान की उपलब्धियों के बीच का अंतर अच्छी तरह समझती है।उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे “भारत का अतीत” हैं और उन्हें देश के भविष्य यानी युवाओं के साथ व्यवहार करते समय सावधान रहना चाहिए।