नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि इस विषय पर की जा रही राजनीति बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ संभाल रही है तथा सभी प्रक्रियाएं सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप आगे बढ़ रही हैं।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने गुरुवार को संसद परिसर में मीडियाकर्मियों से कहा कि जो लोग कभी यह दावा करते थे कि अयोध्या यहीं नहीं थी और भगवान श्रीराम का अस्तित्व ही नहीं था, वही आज इस मुद्दे पर चिंता जताने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यही वे लोग हैं जिनके शासन में कारसेवकों के खून से सरयू नदी लाल हुई थी।उन्होंने कहा कि जिन्होंने अयोध्या का अपमान किया, उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई और सरयू को रक्तरंजित किया, यदि वही लोग आज चिंता व्यक्त कर रहे हैं तो यह चिंता नहीं, बल्कि उनकी राजनीतिक मंशा को दर्शाता है।उल्लेखनीय है कि गुरुवार को संसद की कार्रवाही शुरू होने से पहले विपक्ष के सांसद प्रदर्शन करने लगे। वहीं, सपा सांसदों ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए संसद परिसर में प्रदर्शन किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal