Wednesday , July 29 2026

आशीर्वाद का नया चना सत्तू लॉन्च, पारंपरिक स्वाद के साथ किफायती पोषण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय घरों तक रोज़ाना इस्तेमाल होने वाले पौष्टिक खाद्य पदार्थों की पहुँच बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करते हुए, ‘आशीर्वाद’ ने पूर्वी भारत में ‘आशीर्वाद चना सत्तू’ लॉन्च करके अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को और मजबूत किया। यह लॉन्च ब्रांड के उस बड़े लक्ष्य के अनुरूप है जिसके तहत ऐसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं जो प्राकृतिक रूप से प्रोटीन और फाइबर से भरपूर हों। साथ ही, यह किफायती दाम और असली स्वाद से समझौता किए बिना पौष्टिक और ज़रूरी खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को भी पूरा करता है।

पूर्वी भारत में पारंपरिक रूप से सेवन किया जाने वाला सत्तू लंबे समय से एक ऐसे पौष्टिक आहार के रूप में जाना जाता है, जो स्वाद, तृप्ति और पोषण का संतुलित मेल प्रदान करता है। आज जब उपभोक्ता स्वस्थ जीवनशैली का समर्थन करने वाले खाद्य विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं। ऐसे में प्राकृतिक रूप से प्रोटीन और डाइटरी फाइबर से भरपूर होने के कारण सत्तू की प्रासंगिकता एक बार फिर बढ़ रही है। साथ ही, इसमें आयरन, जिंक और मैग्नीशियम जैसे आवश्यक खनिज भी पाए जाते हैं, जो इसे परिवारों के लिए रोज़मर्रा के पोषण का एक सरल और भरोसेमंद विकल्प बनाते हैं।

आशीर्वाद चना सत्तू सावधानीपूर्वक चयनित और उच्च गुणवत्ता वाले चने से तैयार किया गया है। इसे पारंपरिक रेत-भूनाई प्रक्रिया के माध्यम से बनाया जाता है, जिससे इसे प्रामाणिक सत्तू की विशिष्ट भुनी हुई सुगंध, स्वाद और सुनहरा रंग प्राप्त होता है। समान रूप से रेत में भूनकर और बारीक पीसकर तैयार किए जाने के कारण इसकी बनावट बेहद मुलायम होती है। जिससे यह विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ रोज़मर्रा के कई प्रकार के उपयोग के लिए उपयुक्त है।

लॉन्च के बारे में बात करते हुए, आईटीसी लिमिटेड के फूड्स डिवीज़न में स्टेपल्स और एडजसेंसीज़ के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अनुज रुस्तगी ने कहा, “आजकल, ग्राहक ऐसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों की तलाश में रहते हैं जो उनकी खान-पान की आदतों को बदले बिना आसानी से उनके रोज़ाना के आहार का हिस्सा बन सकें। सत्तू एक ऐसा ही खाद्य पदार्थ है जो अपने स्वाद, कई तरह से इस्तेमाल होने की खूबी और पोषण संबंधी गुणों के लिए पसंद किया जाता है। ‘आशीर्वाद चना सत्तू’ के साथ, हम इस लोकप्रिय क्षेत्रीय खाद्य पदार्थ की प्रामाणिकता को ‘आशीर्वाद’ की क्वालिटी और भरोसे के साथ जोड़ रहे हैं, जिससे ग्राहकों के लिए अपने रोज़ाना के आहार में सत्तू के फायदों का आनंद लेना और भी आसान हो जाएगा।”

क्षेत्रीय स्वाद को ध्यान में रखते हुए, आशीर्वाद चना सत्तू को दो अलग-अलग वैरिएंट्स में लॉन्च किया गया है, बिहार में चना सत्तू विद जीरा और पश्चिम बंगाल तथा झारखंड में प्लेन चना सत्तू। यह उत्पाद 47 ग्राम, 200 ग्राम, 250 ग्राम और 500 ग्राम के पैक में जनरल ट्रेड के माध्यम से उपलब्ध है तथा जल्द ही मॉडर्न ट्रेड और प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध होगा।10 रुपये वाला 47 ग्राम का वैल्यू पैक हर पैक में 10 ग्राम प्रोटीन देता है, जिससे यह अधिक से अधिक उपभोक्ताओं के लिए एक किफायती और सुलभ पौष्टिक विकल्प बनता है।