Wednesday , July 22 2026

ओब्डू डिजिटल हेल्थ केयर का विस्तार, शाहजहांपुर में खुला डिजिटल डॉक्टर क्लीनिक

शाहजहांपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश सरकार के साथ हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से कार्यरत ओब्डू डिजिटल हेल्थ केयर प्रा. लि. ने अपने विस्तार अभियान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जनपद शाहजहाँपुर के जलालाबाद स्थित विजय विक्रम कन्या इंटर कॉलेज के सामने कंपनी के नए डिजिटल डॉक्टर क्लीनिक का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया।

उद्घाटन समारोह में ओब्डू डिजिटल हेल्थ केयर के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार, क्लीनिक संचालक डॉ. विनय कुमार सिंह, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने क्लीनिक का अवलोकन किया और ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को समय की आवश्यकता बताया।

यह डिजिटल डॉक्टर क्लीनिक केवल एक पारंपरिक क्लीनिक नहीं, बल्कि एक समग्र डिजिटल हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। यहाँ एमबीबीएस एवं विशेषज्ञ (एमडी) चिकित्सकों द्वारा डिजिटल परामर्श, आधुनिक फार्मेसी, पैथोलॉजी लैब, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। क्लीनिक की एक विशेषता यह भी है कि केवल पंजीकृत मरीज ही नहीं, बल्कि क्षेत्र का कोई भी नागरिक यहाँ से उचित मूल्य पर दवाइयाँ खरीद सकता है तथा किफायती दरों पर रक्त एवं अन्य पैथोलॉजी जाँचों का लाभ प्राप्त कर सकता है।

इस अवसर पर कंपनी ने अपने डिजिटल हेल्थ असिस्टेंट कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है, ताकि मरीजों के पंजीकरण, टेली-कंसल्टेशन समन्वय, डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

ओब्डू डिजिटल हेल्थ केयर के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि पिछले कुछ समय से कंपनी के कार्यों को लेकर विभिन्न माध्यमों पर भ्रामक एवं असत्यापित दावे प्रसारित किए गए। कंपनी का कहना है कि उसकी प्राथमिकता हमेशा जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार रही है। प्रदेश में लगातार नए डिजिटल डॉक्टर क्लीनिकों की स्थापना, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता इसी निरंतर प्रयास को दर्शाती है।

उन्होंने अपने दीर्घकालिक विज़न को साझा करते हुए कहा कि उसका लक्ष्य केवल क्लीनिक स्थापित करना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में एक मजबूत डिजिटल स्वास्थ्य नेटवर्क विकसित करना है, जिसे आगे चलकर राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड जैसे राज्यों तक भी विस्तारित किया जाएगा। आधुनिक तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों, प्रशिक्षित डिजिटल हेल्थ असिस्टेंट तथा किफायती स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से ओब्डू डिजिटल हेल्थ केयर ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।