लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी उड़ान सेवा का गुरुवार को शुभारंभ हो गया। इस नई अंतरराष्ट्रीय सेवा के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच हवाई संपर्क को नई मजबूती मिलेगी तथा यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे।

उड़ान सेवा के शुभारंभ अवसर पर हवाई अड्डे पर एक संक्षिप्त उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात एयर इंडिया एक्सप्रेस एवं चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने प्रथम उड़ान के यात्रियों के साथ केक काटकर इस नई सेवा का स्वागत किया। साथ ही, प्रतीकात्मक रूप से पहले यात्री को बोर्डिंग पास सौंपकर उड़ान सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की पहली उड़ान IX901 लखनऊ से अबू धाबी के लिए रवाना हुई, जिसमें 80 से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। यह उड़ान प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी।
यह नई सेवा विशेष रूप से व्यवसाय, रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा एवं पर्यटन के उद्देश्य से संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। साथ ही, इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और लोगों के आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की इस नई सेवा के साथ लखनऊ हवाई अड्डे की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और सुदृढ़ हुई है, जिससे प्रदेश के यात्रियों को बेहतर, सहज और अधिक सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal