Friday , July 10 2026

मेदांता के साथ मिलकर व्यापारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगा आदर्श व्यापार मंडल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। व्यापारियों एवं आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल एवं मेदांता हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को अयोध्या रोड स्थित व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में “स्वास्थ्य चर्चा कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थाओं के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत प्रदेश के प्रमुख जिलों में संयुक्त रूप से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में मेदांता हॉस्पिटल के निदेशक एवं प्रख्यात कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आर.के. सरन ने व्यापारियों को हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित खानपान, संयमित जीवनशैली, प्रतिदिन तेज कदमों से सुबह की सैर और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने से हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

डॉ. सरन ने कहा कि जिन लोगों के परिवार में पहले से हृदय रोग का इतिहास रहा हो, उन्हें नियमित रूप से आवश्यक जांच कराते रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि हृदय संबंधी समस्या आने के बाद शुरुआती चार घंटे “गोल्डन आवर” होते हैं, जिनमें समय पर उपचार मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि कैल्शियम स्कोर अधिक आता है तो यह हृदय रोग की शुरुआत का संकेत हो सकता है। प्राथमिक उपचार के रूप में चिकित्सकीय सलाह के अनुसार तुरंत डिस्प्रिन की गोली देने से लाभ मिल सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की ओर से प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता तथा मेदांता हॉस्पिटल की ओर से निदेशक डॉ. आर.के. सरन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल और मेदांता हॉस्पिटल मिलकर प्रदेश के प्रमुख जिलों में व्यापारियों एवं आम नागरिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेंगे तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न अभियान चलाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि व्यापारी व्यवसाय में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि धन कमाने की दौड़ में अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। बाद में वही धन स्वास्थ्य सुधारने में खर्च करना पड़ता है और अंततः न धन बचता है और न ही स्वास्थ्य। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समय रहते अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए, नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए, योग एवं सुबह की सैर को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए तथा नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, गुरप्रीत सिंह चड्ढा, प्रदेश मंत्री संदीप सिंह गौर, संजय त्रिवेदी, राजीव शुक्ला, संजय कुमार गुप्ता, अंशु श्रीवास्तव, आशीष शर्मा, प्रवीण मिश्रा, धर्मेंद्र तिवारी, सुफल वर्मा, श्रीमती अंजलि मौर्या, नारायण मौर्या, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद फुरकान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।