Wednesday , July 8 2026

जनसमस्याओं के समाधान में ढिलाई पर भड़के विधायक डॉ. नीरज बोरा, दिया ये अल्टीमेटम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सीवर, पेयजल, जलभराव और विद्युत जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही जनता को राहत दिलाने के लिए विधायक डा .नीरज बोरा ने संबंधित अधिकारियों को तलब कर समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो, पीने के पानी की समस्या को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और जमकर फटकार लगाई। 

विधायक डा नीरज बोरा ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में ढिलाई और जनता की समस्याओं के प्रति उदासीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल की कमी पर भी तीखा असंतोष जताया, जिसकी वजह से विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। मानसून को देखते हुए विधायक ने निर्देश दिया कि क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई और सीवर ओवरफ्लो की समस्या का समाधान तत्काल किया जाए। 

उन्होंने जलकल, लोक निर्माण एवं सुएज इंडिया के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे दूषित पानी और सीवर से संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान करें।

साथ ही नहर रोड जानकीपुरम में सीवर की समस्या, सेक्टर डी प्रियदर्शिनी, डी एच 2 कॉलोनी में नई सीवर लाइन डाले जाने का कार्य, सीताविहार कॉलोनी, जानकीपुरम शुक्ला चौराहा, चर्च के पास सीवर लाइन चोक की समस्या, बनारसी टोला अलीगंज की सीवर लाइन को मेन लाइन से जोड़ने का कार्य, जानकी विहार कॉलोनी में सीवर चोक की समस्या को हल करने का कार्य, सुन्दरम पार्क सेक्टर एफ जानकीपुरम में पानी टंकी की मरम्मत का कार्य, फैजुल्लागंज बंधा रोड से मिल्लत नगर कच्ची ढाल मेन रोड पर खुदाई के बाद सड़क निर्माण करने हेतु कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करें। 

विधायक डा. नीरज बोरा ने सभी विभागों को स्पष्ट रूप से आदेश दिया कि नाला सफाई, सीवर लाइन का काम, सड़कों की मरम्मत (PWD) सहित सभी अपूर्ण कार्यों को अगले 15 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। यदि 15 दिनों के भीतर धरातल पर काम पूरा नहीं दिखा और जनता की शिकायतें कम नहीं हुईं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सीधे शासन स्तर पर कठोर दंडात्मक और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए सभी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने हेतु कहा। बैठक में सुएज इंडिया के डायरेक्टर राजेश मठपाल, आर.के. यादव (अधीक्षण अभियंता जल निगम), अधिशाषी अभियंता जलकल जोन 3 मनोज कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता सत्येंद्र नाथ, जोनल ऑफिसर जोन 6 अमरजीत यादव, मनोज यादव (जोनल अधिकारी जोन 3) सहित नगर निगम, जल निगम, जलकल, सुएज इंडिया आदि के अधिकारी उपस्थित रहे।