मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोनी सब का शो यादें अपने गर्मजोशी, हास्य और दिलचस्प मेडिकल कहानियों के ताज़ा मिश्रण से दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है। जहाँ जेबीएमएमसी हॉस्पिटल के डॉक्टर ऑन-स्क्रीन मरीजों का इलाज करने में व्यस्त रहते हैं, वहीं ऑफ-स्क्रीन शो की टीम के पास अपने-अपने आज़माए हुए घरेलू नुस्खे हैं। जिनसे वे बरसात के मौसम में सेहतमंद बने रहते हैं।
बरसात के मौसम में अक्सर खाँसी, ज़ुकाम और वायरल इन्फेक्शन साथ आते हैं। ऐसे समय में यादें के कलाकार मानते हैं कि पीढ़ियों से चले आ रहे कुछ आसान घरेलू नुस्खे बहुत काम आते हैं। गर्म काढ़ा और हल्दी वाला दूध पीना, दिनभर हाइड्रेटेड रहना और घर का बना कम्फर्ट फूड खाना – ये छोटे-छोटे नुस्खे उन्हें लंबे शूटिंग शेड्यूल के बीच भी सेहतमंद बनाए रखते हैं।
गुलकी जोशी (जो यादें में डॉ. सृष्टि अग्रवाल का किरदार निभा रही हैं) ने साझा किया, “बरसात हमेशा मुझे घर की याद दिलाती है क्योंकि तभी सारे पारंपरिक नुस्खे सामने आते हैं। मेरा सबसे पसंदीदा है सोने से पहले हल्दी वाला दूध, ख़ासकर जब लंबे शूट के बाद थकान महसूस होती है। मैं दिनभर गर्म पानी पीने की कोशिश करती हूँ और ठंडे ड्रिंक्स से बचती हूँ। ये आदतें बहुत साधारण हैं, लेकिन हमेशा मेरे लिए कारगर रही हैं।”
इक़बाल खान (जो यादें में डॉ. देव मेहता का किरदार निभा रहे हैं) ने कहा, “मेरा बरसात का रूटीन बहुत साधारण है। मैं दिन की शुरुआत कच्ची हल्दी के छोटे टुकड़े और गुनगुने पानी से करता हूँ। यह आदत मैंने सालों से अपनाई है और सच में लगता है कि इससे सेहत अच्छी रहती है। बरसात में मैं स्ट्रीट फूड से जितना हो सके बचता हूँ, ख़ासकर क्योंकि शूटिंग शेड्यूल हमें अक्सर बाहर रखता है। इन आदतों के साथ मैं हमेशा भगवान से प्रार्थना करता हूँ कि मुझे फिट रखें और हर दिन अपना बेस्ट देने की ताक़त दें। और अगर कभी बीमार पड़ जाऊँ तो मैं इसे एक हल्का सा रिमाइंडर मानता हूँ कि थोड़ा धीमा हो जाऊँ, शरीर की सुनूँ और उसे आराम दूँ ताकि फिर से मज़बूती से काम पर लौट सकूँ।”
देविश आहूजा (जो यादें में डॉ. रौनक का किरदार निभा रहे हैं) ने साझा किया, “मेरे घर का एक मज़ेदार नियम है अगर बाहर बारिश हो रही है तो पकौड़े ज़रूरी हैं, लेकिन साथ में घर का बना काढ़ा भी उतना ही ज़रूरी है! यही हमारा बैलेंस बनाने का तरीका है। मैं हमेशा गुड़ और भुनी हुई सौंफ का छोटा जार साथ रखता हूँ क्योंकि मेरी दादी कहती थीं कि यह पाचन में मदद करता है, ख़ासकर बरसात में। यह उन पारिवारिक परंपराओं में से एक है जो मेरे साथ रह गई है और मुझे सच में इसे अपनाना अच्छा लगता है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal