शहडोल। शहर के बीचोंबीच स्थित रिहायशी इलाके में बुधवार तड़के एक स्कॉर्पियो वाहन में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के रीवा रोड स्थित मदन एजेंसी के सामने संचालित एक मोटर गैराज के बाहर की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।जानकारी के अनुसार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने गैराज के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो से धुआं और तेज लपटें उठती देखीं। इसके बाद तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग वाहन के इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। आग की लपटें पास में खड़ी एक अन्य कार तक पहुंच गईं, जिससे उसे भी नुकसान हुआ।स्कूल और अस्पताल के पास हुई घटनास्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर मोटर गैराज संचालित हो रहा है, उसके सामने एक निजी स्कूल और अस्पताल स्थित हैं। इसके अलावा गैराज परिसर में भी कई अन्य वाहन खड़े थे। ऐसे में आग फैलने की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता था।दमकल की तत्परता से टला बड़ा खतरासमय रहते दमकल विभाग के पहुंचने से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यह घटना स्कूल खुलने के समय होती, जब आसपास बच्चों और लोगों की आवाजाही रहती है, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने रिहायशी इलाके में संचालित मोटर गैराजों की सुरक्षा व्यवस्था और वैधता पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal