महराजगंज (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गाँवकी तरक्की तभी संभव है, जब वहाँ की बेटियाँ भी पढ़-लिखकर आगे बढ़ें। इसी सोच को मजबूत करने के लिए बालिका शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रही संस्था एजुकेट गर्ल्स ने विकास खंड मिठौरा की ग्राम पंचायत दरहटा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य उन बच्चियों को शिक्षा से जोड़ना था, जो किसी कारण से स्कूल नहीं जा पा रही हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुकी हैं।
शाम के समय आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बेटियों की पढ़ाई के महत्व, नियमित स्कूल जाने की जरूरत और शिक्षा से मिलने वाले अवसरों पर खुलकर चर्चा की गई। लोगों को बताया गया कि एक शिक्षित बेटी न सिर्फ अपना भविष्य बेहतर बनाती है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में प्रेरणादायक वीडियो और फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। जिससे बालिका शिक्षा का संदेश लोगों तक आसान और प्रभावी तरीके से पहुँचाया जा सके। ग्रामीणों ने भी अपने विचार साझा किए और गाँव की हर बच्ची को स्कूल भेजने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
ग्राम प्रधान प्रतिमा ने कहा, “एक पढ़ी-लिखी बेटी दो परिवारों को आगे बढ़ाने की ताकत रखती है। इसलिए बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
एजुकेट गर्ल्स के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम ऑफिसर वेद प्रकाश यादव ने बताया कि रात्रि चौपाल के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचकर बालिका शिक्षा का संदेश देना आसान होता है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि गाँव की कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal