लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्री शिव पार्वती बर्फानी सेवा संस्थान, जानकीपुरम् की ओर से अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए आयोजित किए जाने वाले 20वें 57 दिवसीय भंडारे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भंडारे की सामग्री लेकर शिवभक्तों की एक टोली कश्मीर के बालटाल के लिए रवाना हुई।


जानकीपुरम् विस्तार स्थित संगठन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव के पूजन-अर्चन और आरती से हुई। इसके उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए मुंशी पुलिया चौराहे पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। यहां से भंडारे की सामग्री के साथ शिवभक्तों की टोली बालटाल (कश्मीर) के लिए रवाना हुई।

शोभायात्रा में भगवान शंकर-पार्वती तथा राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ झूमते और नृत्य करते नजर आए। मार्ग में श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत करते हुए शिवभक्तों का उत्साहवर्धन किया।

संस्थान के अध्यक्ष अरूणेन्द्र मौर्य ने बताया कि संस्था पिछले 20 वर्षों से लगातार अमरनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से भंडारे का आयोजन कर रही है। इस वर्ष बालटाल पुलपार में 3 जुलाई से 28 अगस्त तक 57 दिनों तक भंडारा संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भंडारे से यात्रा कर रहे हजारों श्रद्धालुओं को भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे उन्हें काफी सहूलियत मिलती है।

इस अवसर पर अरूणेन्द्र मौर्य, कमलेश्वर सोनी, मनोज मिश्रा, किशन सिंह बिष्ट, विजय कुमार यादव, प्रमोद तिवारी, अवधेश अग्रवाल, ए.आर. तिवारी, शेखर कश्यप, अनिल पांडे, उपेंद्र सिंह, आलोक पांडे, विनीत गौड़, नितिन पाल, राजकुमार सोनी, कृष्ण कुमार लोधी, राजेश मौर्य, सुशील सिंह, विनोद सिंह, सतीश अवस्थी, अमित सैनी, विनय कुमार गिरि, राजकिशोर शुक्ला, अमर सिंह लोधी, पंकज मौर्य, वीरेन्द्र यादव, राकेश रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal