Thursday , June 11 2026

फिर सज गई फुलेरा की चौपाल! जल्द पूरी होगी ‘पंचायत 5’ की शूटिंग, प्रहलाद चा ने बताया- क्या है इस बार नया ट्विस्ट

नई दिल्ली। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के अगले सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सीरीज में प्रहलाद पांडे उर्फ ‘प्रहलाद चा’ का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता फैसल मलिक ने ‘पंचायत 5’ को लेकर अहम अपडेट शेयर किया है।उन्होंने बताया कि नए सीजन की शूटिंग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि इस बार दर्शकों को कहानी में कई नए मोड़ और दिलचस्प घटनाएं देखने को मिलेंगी।फैसल मलिक ने कहा कि ‘पंचायत 5’ की स्क्रिप्ट पर बेहद बारीकी से काम किया गया है, ताकि पिछले सीजनों की तरह दर्शकों का मनोरंजन बरकरार रहे। उनके अनुसार, नई कहानी पहले से ज्यादा मजेदार और रोमांचक होगी। उन्होंने कहा कि पूरी टीम इस सीजन को लेकर बेहद उत्साहित है और इसे जल्द से जल्द दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। फुलेरा गांव की राजनीति, सचिव जी और प्रधान जी के बीच की नोकझोंक के साथ कई नए ट्विस्ट भी इस बार देखने को मिलेंगे।अपने किरदार की लोकप्रियता पर बात करते हुए फैसल ने दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब ‘पंचायत’ की शुरुआत हुई थी, तब किसी ने नहीं सोचा था कि इसे इतना जबरदस्त प्यार मिलेगा।उनके मुताबिक, प्रहलाद पांडे का किरदार उनके दिल के बेहद करीब है और दर्शकों ने जिस तरह उसके दर्द, संघर्ष और सादगी को महसूस किया, वह उनके लिए किसी पुरस्कार से कम नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ‘पंचायत 5’ में भी वही सादगी, प्रामाणिकता और ग्रामीण भारत की झलक देखने को मिलेगी, जिसने इस सीरीज को खास बनाया है।