‘ब्लड मैन’ आलोक अग्रवाल की पहल, बलरामपुर को बीसीटी वैन दिलाने की मांग

बलरामपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जिले में “ब्लड मैन” के नाम से पहचान रखने वाले समाजसेवी एवं नियमित रक्तदाता आलोक अग्रवाल ने जनपद में रक्त की उपलब्धता को सुदृढ़ बनाने के लिए बीसीटी (ब्लड कलेक्शन एंड ट्रांसपोर्टेशन) वैन उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने सदर विधायक पलटू राम के माध्यम से प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

अपने पत्र में आलोक अग्रवाल ने बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, बलरामपुर द्वारा स्थानीय ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि वह स्वयं अब तक 40 बार रक्तदान कर चुके हैं तथा हॉस्पिटल ब्लड ट्रांसफ्यूजन समिति, संयुक्त जिला चिकित्सालय एवं अटल बिहारी वाजपेयी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर के सदस्य भी हैं।

पत्र में कहा गया है कि देवीपाटन मंडल में वर्तमान समय में केवल एक बीसीटी वैन उपलब्ध है, जो गोंडा जिला अस्पताल में संचालित हो रही है। यह वैन काफी पुरानी हो चुकी है और कई बार आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे रक्तदान शिविरों के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

आलोक अग्रवाल ने यह भी उल्लेख किया कि जल्द ही बलरामपुर में मेडिकल कॉलेज का संचालन प्रारंभ होने जा रहा है, जिसके बाद रक्त की मांग और अधिक बढ़ेगी। ऐसे में जिले में एक अलग बीसीटी वैन की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक हो जाएगी।

उन्होंने उपमुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बलरामपुर को एक बीसीटी वैन उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल बलरामपुर बल्कि पड़ोसी जनपद श्रावस्ती की जरूरतें भी पूरी हो सकेंगी तथा गोंडा की बीसीटी वैन पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार भी कम होगा।

आलोक अग्रवाल ने विश्वास जताया है कि स्वास्थ्य विभाग इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगा, जिससे रक्तदान शिविरों का सुचारु संचालन सुनिश्चित होगा और आम जनता को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। विधायक पलटू राम के माध्यम से भेजे गए इस पत्र को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।