नई दिल्ली : दिल्ली के उप राज्यपाल तरनजीत सिंह सिंधू ने पंजाब के तेज धावक गुरिंदर वीर सिंह को 10.09 सेकेंड की शानदार दौड़ लगाकर इतिहास रचने पर शुभकामनाएं देते हुए इसे भारतीय एथलेटिक्स के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।उप राज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि गुरिंदर वीर सिंह का 10.09 सेकेंड का शानदार स्प्रिंट लगाकर देश का सबसे तेज धावक बनना अद्भुत उपलब्धि है जो देशभर के अनगिनत युवा एथलीटों को प्रेरित करेगी। उनका सफर इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि कैसे एकाग्रता, अनुशासन और अटूट समर्पण महानता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।उप राज्यपाल ने कहा कि गुरिंदर वीर सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे, पदक जीतते रहेंगे और कई और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शनों से भारत को गौरवान्वित करते रहेंगे।उल्लेखनीय है कि रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गुरिंदर वीर सिंह ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दो दिनों में दो बार तोड़ दिया। शुक्रवार को 10.10 सेकंड का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद गुरिंदर वीर ने शनिवार को 10.09 सेकंड की शानदार दौड़ लगाकर इतिहास रच दिया।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal