‘लालो’ सिर्फ फिल्म नहीं, भावनाओं और संघर्ष की जीवंत कहानी

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘लालो- कृष्ण सदा सहायते’ अपने वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर के लिए तैयार है, जो 17 मई को दोपहर 1 बजे सोनी मैक्स पर प्रसारित होने जा रहा है। बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाने के बाद अब चर्चा उन असली और भावनात्मक कहानियों की हो रही है, जिन्होंने इस फिल्म को खास बनाया।

डायरेक्टर अंकित साखिया ने सौराष्ट्र के अलग-अलग क्षेत्रों में सिर्फ सूरज की रोशनी में फिल्म की शूटिंग की, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। लेकिन, सिर्फ लोकेशंस ही नहीं, कलाकारों की अपनी जिंदगी से जुड़ी भावनाओं और अनुभवों ने भी ‘लालो’ को दिल से जुड़ी फिल्म बना दिया।

फिल्म में ‘लालो’ का किरदार निभाने वाले करण जोशी ने बिना पैसे वाले थिएटर शो से लेकर एक पैन-इंडिया ब्लॉकबस्टर का चेहरा बनने तक का सफर तय किया है।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक्टिंग नहीं थी, बल्कि एक ऐसा बदलाव था, जिसने मेरी जिंदगी बदल दी। लालजी की खुद को बदलने वाली यात्रा कहीं न कहीं मेरी अपनी कहानी जैसी थी, जहाँ मैंने खुद पर भरोसा करना और अपने उद्देश्य को समझना सीखा। कई मायनों में ‘लालो’ मुझमें भी बदलाव लाने का माध्यम बनी है।”

श्रुहद गोस्वामी के लिए श्रीकृष्ण का किरदार निभाना पारंपरिक और गंभीर छवि से अलग जाकर कुछ नया प्रस्तुत करने जैसा था। उन्होंने कहा, “मैं चाहता था कि श्रीकृष्ण लोगों को अपने जैसे लगें, ऐसे जो समझें, साथ दें और भावनाओं से जुड़े हों। दर्शक उन्हें सिर्फ दूर बैठे भगवान के रूप में नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक और साथी की तरह महसूस करें। यही अपनापन इस किरदार का सबसे मुश्किल, लेकिन सबसे खूबसूरत हिस्सा था।”

वहीं, रीवा राछ ने ‘तुलसी’ के किरदार में अपनी सादगी और गहरी भावनाओं से फिल्म को एक अलग ही एहसास दिया। वास्तविक जीवन से जुड़ी भावनाओं को अपने अभिनय में उतारते हुए उन्होंने इस किरदार को बेहद जुड़ा हुआ और सच्चा बना दिया, जिससे दर्शक खुद को उससे जुड़ा महसूस कर सके। उन्होंने कहा, “तुलसी की खामोशी ही उसकी सबसे बड़ी ताकत थी। यह सिर्फ इंतजार के दर्द की कहानी नहीं थी, बल्कि हर हाल में मजबूत बने रहने की भी कहानी थी।”

इन सभी बातों, यानि वास्तविक लोकेशंस, असली भावनाओं और ईमानदार कहानी ने ‘लालो’ को सिर्फ एक फिल्म से कहीं अधिक बढ़कर पेश किया। इसने गुजराती सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई और यह साबित किया कि सच्चाई और भावनाओं से जुड़ी कहानियाँ लोगों के दिलों पर कितना गहरा असर छोड़ सकती हैं।