Wednesday , May 6 2026

बोरा फाउंडेशन : प्रभातपुरम, फैजुल्लागंज में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ बनाने के उद्देश्य से बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में प्रभातपुरम, फैजुल्लागंज क्षेत्र में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर के दौरान अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन सहित सामान्य शारीरिक परीक्षण किया। 130 लोगों ने अपनी जांच कराई, वहीं 59 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर ही बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

इस अवसर पर मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। लाभार्थियों में रेनू शुक्ला (61 वर्ष), मो. आफताब (36 वर्ष), सलमा खान (66 वर्ष), मुन्नी देवी (60 वर्ष) एवं रानी (39 वर्ष) सहित अन्य को विभिन्न बीमारियों के लिए परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा मालती देवी, किशोरी देवी, सौरभ शुक्ला, हरिओम पांडे, सरिता दास समेत कई अन्य लोगों ने भी इस शिविर का लाभ उठाया।

शिविर में मौजूद चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल की टीम का आभार व्यक्त किया।