नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मिलने के कार्यक्रम को “राजनीतिक नाटक” करार देते हुए कहा कि यह केवल जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब सरकार के पास जवाब नहीं होते, तब वह ऐसे दिखावटी कदम उठाती है।चुघ ने कहा कि पंजाब की वास्तविक स्थिति बेहद चिंताजनक है। कर्मचारियों को वेतन समय पर नहीं मिल रहा, डीए की किस्त लंबित है और करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल है। राज्य के शहरों में कूड़े के ढेर सरकार की विफलता की गवाही दे रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब आज रिश्वतखोरी, रंगदारी और उगाही के जाल में फंस चुका है। नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। महिलाओं को 1000 रुपये देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ, जबकि कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आता।चुघ ने कहा कि इन विफलताओं को छिपाने के लिए भगवंत मान सरकार दिल्ली में “फिल्मी पटकथा” के तहत ड्रामा कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पंजाब के अधिकारों को नुकसान पहुंचाया जा रहा था, तब मुख्यमंत्री चुप क्यों थे और आज अचानक यह सक्रियता क्यों दिखाई जा रही है।उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब पूरी सच्चाई समझ चुकी है और इस “ड्रामा राजनीति” को स्वीकार नहीं करेगी। आम आदमी पार्टी का कुनबा बिखर रहा है और जनता अब बदलाव के लिए तैयार है।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal