तीन राज्यों में शानदार प्रदर्शन के बाद BJP में जश्न, पीएम ने कार्यकर्ताओं संग बांटी खुशी
नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। खासकर पश्चिम बंगाल में मिली सफलता को लेकर राजनीतिक गलियारों में व्यापक चर्चा हो रही है। इस ऐतिहासिक जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और देशभर में जश्न का माहौल बना हुआ है।
इसी क्रम में सोमवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ जीत की खुशी साझा की। पार्टी दफ्तर में उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। ‘मोदी-मोदी’ के गूंजते नारों, ढोल-नगाड़ों और जश्न के माहौल ने पूरे परिसर को ऊर्जा से भर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और उनके उत्साह का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मंच पर उनके साथ पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एक खास और भावुक पल तब देखने को मिला जब नितिन नवीन प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए माला लेकर आगे बढ़े। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्कुराते हुए वही माला उन्हें ही पहना दी।
प्रधानमंत्री के इस सहज और आत्मीय व्यवहार ने कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया। इस अनोखे अंदाज ने पूरे माहौल को और भी जीवंत बना दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
जनता ने 2024 की ‘कसक’ भी की पूरी : नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, “आज पांच राज्यों के विधानसभा के चुनाव के संपन्न होने के बाद जो ऐतिहासिक समर्थन हमारी देवतुल्य जनता ने इन पांच राज्यों में हमें दिया है, उसके लिए मैं हृदय की गहराई से उन पांचों राज्यों के लोगों का अभिनंदन करता हूं कि आपने हमारे नेतृत्व के प्रति, भाजपा व NDA के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है।”

उन्होंने कहा, “आज 4 मई का दिन है और नतीजे आए हैं लेकिन मैं 4 जून 2024 को भी आपको याद करवाना चाहता हूं। जनता ने हमारे नेतृत्वकर्ता को जो समर्थन दिया था, जो विश्वास जताया था, उसमें कहीं न कहीं एक कसक रह गई थी और आज जब 4 मई को जनता ने हमें प्रचंड जीत दिलाई है तो 2024 की उस कसक को पूरा किया है और उसके बाद जब-जब चुनाव हुए हर राज्य में भाजपा को प्रचंड जीत देने का काम किया है…आने वाले समय में दक्षिण भारत में भी भाजपा का कमल खिलेगा।”
देशभर में खिला कमल, लोकतंत्र और विकास की जीत : पीएम नरेंद्र मोदी
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है। जब वर्षों की साधना सिद्धी में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है वो खुशी आज मैं देश भर के भाजपा के कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं।
उन्होंने कहा, “मैं बंगाल की जनता को, असम की जनता को, पुडुचेरी की जनता को, तमिलनाडु और केरलम की जनता को आज आदरपूर्वक नमन करता हूं, मैं उन सभी को वंदन करता हूं। मैं आज भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं। भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है। आपने नया इतिहास रच दिया है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं भाजपा के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूँ। आज का यह दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है, यह देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। यह भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की राजनीति पर, भरोसा स्थिरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना पर।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह पहले विधानसभा चुनाव थे। इन चुनाव में पार्टी के हर कार्यकर्ता को उनका जो मार्गदर्शन मिला, वह मार्गदर्शन इस जीत में बहुमूल्य रहा है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज विभिन्न उपचुनावों के परिणाम भी अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में जो उपचुनाव हुए हैं, उसमें हमारे उम्मीदवारों को जनता-जनार्धन ने आशीर्वाद दिया और इन राज्यों में भी जीत गए हैं। NDA की नेता, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री, सुनेत्रा पवार जी ने भी बड़ी जीत दर्ज की है। मैं इन सभी राज्यों की जनता का उनके समर्थन के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं आज चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, साथ ही सुरक्षाबलों का भी मैं आज बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूँ। भारत के लोकतंत्र की गरिमाओं को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा-हमेशा याद रखेगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “जय पराजय लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा होता है। लेकिन पांच प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व के दिखाया है ये हमारा भारत, मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है… लोकतंत्र, डेमोक्रेसी, हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है। ये हमारी रगो में दौड़ता हुआ संस्कार है। ये हमारी रगो की संस्कार सरिता है और आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है। आज भारत का संविधान भी जीता है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं। हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं। पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है। असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है। ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है।”
उन्होंने कहा, “पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने यहीं इसी जगह से आप सबको कहा था गंगा जी बिहार से आगे बहते हुए गंगासागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल। आज माँ गंगा के ईर्द-गिर्द बसे इन राज्यों में भाजपा, NDA सरकार है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “2013 में जब भाजपा ने मुझे प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में भी काम दिया और जब मैं काशी में अपना नामांकन भरने गया था और पत्रकारों ने मुझे घेर लिया तो स्वाभाविक रूप से मेरे हृदय से एक ध्वनि निकली और मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है, मां गंगा ने मुझे बुलाया है और आज मैं हर पल अनुभव कर रहा हूं, मां गंगा का आशीर्वाद निरंतर हम सब पर अपनी कृपा बरसा रहा है।”

उन्होंने कहा, “गंगा जी के साथ-साथ ब्रह्मपुत्र का भी हम पर आशीर्वाद रहा है, माँ कामाख्या का भी हम पर आशीर्वाद रहा है। असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-NDA पर भरोसा किया है। हैट्रिक हुई है।”
पीएम ने कहा, “आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा-NDA की सरकारे हैं। हमारा मंत्र है, ‘नागरिक देवो भव:’। हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं और इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है। जनता साफ देख रही है जहां भाजपा वहां गुड गवर्नेंस, जहां भाजपा वहां विकास। आप बीते 2 साल के ट्रेंड को देखिए। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनी, महाराष्ट्र में भाजपा की जोरदार विजय हुई, दिल्ली में अभूतपूर्व जीत हासिल हुई, बिहार में हमें पहले से भी बड़ी जीत मिली।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “डॉ मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने जिस सशक्त और समृद्ध समृद्ध बंगाल का सपना देखा था वो सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था। आज 4 मई 2026 को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ता को वो अवसर दिया है। बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है। विकास के भरोसे से युक्त हुआ है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “अभी 4 मई की यह शाम भले ही ढल रही हो लेकिन बंगाल की पावन धरा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ है। एक ऐसा सवेरा जिसका इंतजार पीढ़ियों ने किया है। भाजपा ने जितनी सीटें जीतीं, वो महज एक चुनावी आंकड़ा नहीं है। ये उस अडिग विश्वास की हुंकार है जिसने डर, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंका है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “बंगाल के भविष्य की एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है जहां विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी। मैं आज हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं, बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए, भाजपा दिन-रात एक कर देगी। बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन रुकेगा। पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत योजना को हरि झंडी दिखाई जाएगी और घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बंगाल के ये चुनाव एक और वजह से बहुत खास रहे हैं। आप याद कीजिए, बंगाल चुनाव के समय कैसी खबरें आती थीं। हिंसा, डर और निर्दोष लोगों की मौतें। लेकिन इस बार पूरे देश ने एक नई खबर सुनी। पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। पहली बार ऐसा हुआ कि चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई। लोकतंत्र के इस महापर्व में बंदूक की आवाज नहीं जनता जनार्धन की आवाज गूंजी। पहली बार डर नहीं, लोकतंत्र जीता है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं बंगाल के हर राजनीतिक दल से एक आग्रह भी करना चाहता हूं। बंगाल में बीते दशकों में राजनीतिक हिंसा की वजह से न जाने कितनी जिंदगियां बर्बाद हो चुकी हैं। मेरा स्पष्ट मानना है कि आज से बंगाल की जो चुनावी आदतें फैली हुई हैं, उसमें बदलाव आना चाहिए। आज जब भाजपा जीती है, बदला नहीं बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं भविष्य की बात होनी चाहिए। मेरी सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से अपील है, आइए हिंसा के इस अंत हीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करें। किसने किसे वोट दिया, किसे नहीं दिया, उससे ऊपर उठकर बंगाल की सेवा के लिए काम करें।”
महिला आरक्षण विरोधियों को जनता ने दिया करारा जवाब : पीएम
नारी शक्ति पर पीएम मोदी ने कहा, “विकसित भारत के निर्माण का एक और महत्वपूर्ण स्तंभ भारत की नारी शक्ति है। नारी शक्ति अब विकसित भारत के निर्माण में तेजी से आगे बढ़ रही है। लेकिन नारी शक्ति की इस रफ्तार को कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने कुछ दिन पहले रोकने का काम किया है। इन नारी विरोधी दलों ने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन को पास नहीं होने दिया और इसलिए मैंने कुछ दिन पहले कहा भी था कि महिलाओं के आरक्षण का विरोध करने वाले ऐसा दलों को महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा। आज कांग्रेस, TMC और DMK को बहनों और बेटियों ने सजा दी है…मुझे विश्वास है कि केरलम की बहनें भी अगले चुनावों में कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “जिस समाजवादी पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण को रोका है, उसे भी उत्तर प्रदेश की महिलाओं का आक्रोश सहना पड़ेगा। महिला विरोधी समाजवादी पार्टी कुछ भी करके अपने पाप को धूल नहीं पाएगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज देश का हर राज्य भी एक-दूसरे से लड़कर नहीं, एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहता है। इन चुनावों ने इस संदेश को भी बहुत स्पष्ट किया है। बंगाल, तमिलनाडु और केरलम में जिन तीन सरकारों को जनता ने सत्ता से बाहर किया उनकी एक समान पहचान थी, विभाजन की राजनीति। यही उनकी पहचान थी। उनकी राजनीति जोड़ने की नहीं, तोड़ने की थी। कभी भाषा के नाम पर विवाद खड़ा किया गया, कभी खाने-पीने की आदतों को लेकर समाज को बांटने की कोशिशें हुईं, कभी अपने ही देश के लोगों को तक बाहरी कहा गया लेकिन भारत की जनता ने इस राजनीति को साफ जवाब दिया है। देश ने बता दिया है कि उसे विवाद नहीं विकास चाहिए, विभाजन नहीं विश्वास चाहिए।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal