Wednesday , April 22 2026

एआईसैट्स–टाटा मोटर्स की साझेदारी : देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर दौड़ेंगे ईवी पैसेंजर कोच


मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एयर इंडिया सैट्स एयरपोर्ट सर्विसेज़ प्राइवेट लिमिटेड (एआईसैट्स -AISATS) ने टाटा मोटर्स द्वारा विनिर्मित इलेक्ट्रिक एयरपोर्ट पैसेंजर कोच के नए बेड़े को शामिल करने की घोषणा की। यह पूरे भारत में वहनीय, कम उत्सर्जन वाले हवाई अड्डा परिचालन की योजना के लिहाज़ से उल्लेखनीय कदम है। पहले दो इलेक्ट्रिक कोच, टाटा मोटर्स के लखनऊ स्थित संयंत्र में एआईसैट्स को सौंप दिए गए हैं।

एआईसैट्स ने, बेड़े के इस रणनीतिक विस्तार के हिस्से के रूप में, टाटा मोटर्स से 21 इलेक्ट्रिक एयरपोर्ट पैसेंजर कोच की खरीद के लिए ऑर्डर दिया है। जिन्हें कंपनी, धीरे-धीरे दिल्ली (डीईएल), बेंगलुरु (बीएलआर), हैदराबाद (एचवायडी) और तिरुवनंतपुरम (टीआरवी) में अपने परिचालन में तैनात करेगी। लखनऊ में सौंपे गए शुरुआती दो वाहन नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात किए जाएंगे। फिलहाल, कंपनी के पास अपने स्टेशनों पर तैनात 37 इलेक्ट्रिक कोच का बेड़ा है। अतिरिक्त आठ वाहनों को अप्रैल के अंतिम सप्ताह में सौंपे जाने का कार्यक्रम है, जिसके बाद आने वाले महीनों में शेष इकाइयों की चरणबद्ध तरीके से डिलीवरी होगी।

एआईसैट्स के मुख्य कार्यकारी रामनाथन राजामणि ने इस अवसर पर कहा, “एयरसाइड और लैंडसाइड परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल, एआईसैट्स की वहनीयता से जुड़ी योजना का मुख्य अंग है और भारत की नेट ज़ीरो महत्वाकांक्षाओं का समर्थन करने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। टाटा मोटर्स के ये नए इलेक्ट्रिक एयरपोर्ट पैसेंजर कोच से यात्रियों के लिए को स्वच्छ, शांत और दक्ष आवाजाही सुनिश्चित होगी। इसकी शुरुआत दिल्ली से होगी और जल्द ही हमारे अन्य स्टेशनों तक इसका विस्तार होगा। हमें खुशी है कि इस यात्रा की शुरुआत लखनऊ संयंत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और टाटा समूह के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन की गरिमामयी उपस्थिति में हुई। इससे भारत के विमानन परितंत्र के लिए हरित परिवहन का महत्व रेखांकित होता है।”

एआईसैट्स और टाटा मोटर्स के बीच यह गठजोड़, एआईसैट्स की भारत के प्रमुख हवाई अड्डों पर व्यापक ग्राउंड हैंडलिंग और हवाई अड्डा सेवाओं की विशेषज्ञता को, टाटा मोटर्स के इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहन तथा ई-बस प्लेटफॉर्म से जुड़े नेतृत्व के साथ जोड़ता है। एआईसैट्स फिलहाल बेंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद, मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम, रांची, रायपुर और कोच्चि जैसे मुख्य केंद्रों पर ग्राउंड हैंडलिंग और कार्गो सेवाएं प्रदान कर रही है, और मशहूर भारतीय तथा अंतर्राष्ट्रीय विमानन कंपनियों को सेवा प्रदान कर रही है। टाटा मोटर्स, भारत की वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी है और इसने अब तक देश के कई शहरों में 3,000 से ज़्यादा इलेक्ट्रिक बसें तैनात की हैं, जिससे प्रदूषण में भारी कमी हुई है और देश में स्वच्छ परिवहन अपनाने की प्रक्रिया को बढ़ावा मिला है।

ये नई इलेक्ट्रिक एयरपोर्ट यात्री बसें यात्रियों को ज़्यादा आराम, सुरक्षा और पहुंच प्रदान करने के लिए तैयार की गई हैं, साथ ही ये एयरपोर्ट ऑपरेटरों के लिए कम शोर, ज़ीरो टेलपाइप उत्सर्जन और बेहतर परिचालन क्षमता भी सुनिश्चित करती हैं। एआईसैट्स एयरपोर्ट परिचालकों के साथ मिलकर काम करेगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ज़रूरी चार्जिंग बुनियादी ढांचा, रख-रखाव सहायता और परिचालन प्रक्रियाएं अच्छी तरह मौजूद हों, ताकि बसों का ज़्यादा से ज़्यादा इस्तेमाल हो सके और वहनीयता का लाभ सुनिश्चित हो।