Monday , March 23 2026

आलोक और वैभव ने रक्तदान सेवा में रचा कीर्तिमान, मिला प्रदेश सेवा रत्न सम्मान

बलरामपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रक्तदान एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं सेवा हेतु जनपद बलरामपुर के दो रक्तवीरों को संकल्प मानव सेवा संस्था, आगरा द्वारा अपने सप्तम स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के समारोह में “प्रदेश सेवा रत्न सम्मान 2026” अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में विशाल रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु बनाई गई गठन समिति में भी आलोक अग्रवाल को संस्था फाउंडर व अध्यक्ष उमेंद्र राजपूत द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में निफा के प्रदेश कोऑर्डिनेटर जनपद में ब्लडमैन के नाम से प्रसिद्ध आलोक अग्रवाल एवं निफा के जिला अध्यक्ष वैभव त्रिपाठी का चयन उनके द्वारा किए जा रहे रक्तदान एवं समाजसेवा कार्यों के लिए किया गया था। उनको यह सम्मान एक भव्य समारोह में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य द्वारा प्रदत्त किया गया।

यह दोनों रक्तवीर लगातार बलरामपुर में रक्त सेवा एवं रक्तदान सहित विभिन्न समाजसेवा कार्यों में अनवरत कार्यशील हैं। ब्लडमैन आलोक अग्रवाल अब तक 38 बार स्वयं रक्तदान कर चुके हैं और वैभव त्रिपाठी भी 44 बार रक्तदान कर चुके हैं। विगत वर्ष जनपद बलरामपुर में सबसे अधिक रक्त संग्रह करके ब्लड बैंक द्वारा सम्मानित किए जा चुके आलोक अग्रवाल स्वयं रक्तदान करने के साथ ही अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए जिले में रक्त क्रांति लाने का संकल्प ले चुके हैं। इन दोनों रक्तवीरों को रक्तदान सहित अन्य सामाजिक योगदान हेतु विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर कई बार सम्मानित किया जा चुका है। आज जिले के यह सब दोनों रक्तवीर हजारों युवाओं के प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं।

इसके साथ ही अतिशीघ्र विगत वर्ष 23 मार्च 2025 को निफा द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए गए रक्तदान शिविर हेतु वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा भी इन दोनों को सम्मानित किया जाएगा। ब्लडमैन आलोक अग्रवाल को इसके पूर्व वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन एवं निफा द्वारा वर्ड लाइफ़ सेवर अवॉर्ड से भी 2022 में सम्मानित किया जा चुका है।