IPL 2026 : आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स नई ऊर्जा और रणनीति के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है। टीम के हेड कोच कुमार संगाकारा और नए कप्तान रियान पराग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी सीजन को लेकर अपनी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस बार टीम में संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में 24 वर्षीय रियान पराग कप्तानी संभालेंगे, जबकि सबसे ज्यादा चर्चा 14 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। कोच संगाकारा और कप्तान दोनों को उम्मीद है कि वैभव इस सीजन में टीम के लिए ट्रम्प कार्ड साबित हो सकते हैं।राजस्थान रॉयल्स की टीम जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में अभ्यास कर रही है, जो उनका होमग्राउंड है। हालांकि, टीम इस बार कुछ होम मैच गुवाहाटी में भी खेलेगी। कप्तान रियान पराग ने साफ किया कि संजू सैमसन के जाने के बाद ओपनिंग स्लॉट में वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जाएगा और वे यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे। पराग ने यह भी कहा कि वैभव को उसी भूमिका में ढलने की जरूरत है, जो पहले सैमसन निभाते थे, और साथ ही उन्हें सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह दी, ताकि वे अनावश्यक दबाव से बच सकें।वहीं, टीम में रविंद्र जडेजा के शामिल होने पर कोच कुमार संगाकारा ने कहा कि उनके अनुभव का टीम को बड़ा फायदा मिलेगा। जडेजा और सैम कर्रन, संजू सैमसन से जुड़े ट्रेड डील के तहत चेन्नई सुपर किंग्स से राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए हैं। कोच और कप्तान दोनों ने भरोसा जताया कि इस बार राजस्थान रॉयल्स की टीम संतुलित नजर आ रही है और टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal