नई दिल्ली : जबरदस्त वैश्विक दबाव के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से रिकवरी का रुख बनता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.68 प्रतिशत और निफ्टी 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा, कोल इंडिया, ओएनजीसी, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 0.25 प्रतिशत से लेकर 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एटरनल, इंटरग्लोब एविएशन, टीएमपीवी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज ऑटो के शेयर 4.08 प्रतिशत से लेकर 2.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,616 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 441 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,175 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 5 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 25 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 4 शेयर हरे निशान में और 46 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।बीएसई का सेंसेक्स आज 494.06 अंक की कमजोरी के साथ 76,369.65 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक करीब एक हजार अंक टूट कर 75,871.18 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार भी हुआ। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 524.48 अंक की गिरावट के साथ 76,339.23 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 192 अंक फिसल कर 23,674.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले मिनट में ही यह सूचकांक उछल कर 23,690.85 अंक तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से ये थोड़ी ही देर में 310.55 अंक लुढ़क कर 23,556.30 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक ने निचले स्तर से रिकवरी शुरू कर दी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 174.75 अंक की कमजोरी के साथ 23,692.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 1,342.27 अंक यानी 1.72 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,863.71 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 394.75 अंक यानी 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,866.85 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal