बरेली : भुता थाना क्षेत्र के रावलकलां गांव में अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित ने सबूत छिपाने के लिए शव को गांव की श्मशान भूमि में फेंक दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने श्मशान में महिला का शव देखा तो सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपित पति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।मंगलवार तड़के गांव के कुछ लोग श्मशान भूमि की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक महिला के शव पर पड़ी। शव देखते ही लोगों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर भुता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में शव की पहचान गांव निवासी 30 वर्षीय मंजू देवी के रूप में हुई।जांच में सामने आया कि मंजू देवी की शादी रावलकलां निवासी भीमसेन से हुई थी। भीमसेन की यह दूसरी शादी थी। बताया जा रहा है कि आरोपित को पत्नी के चरित्र पर शक रहता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर भीमसेन ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।पत्नी की मौत के बाद आरोपित घबरा गया और रात में ही शव को गांव की श्मशान भूमि में ले जाकर फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी भुता रविंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal