नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार 8 मार्च को कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक ‘शी लीड्स भारत’ का आयोजन करेगी।केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार, यह वॉक सुबह 7.30 बजे से 10.00 बजे तक आयोजित होगी। करीब 2 किलोमीटर की यह पदयात्रा इंडिया गेट से विजय चौक तक कर्तव्य पथ पर निकाली जाएगी। इसमें 150 से अधिक मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की लगभग 3000 महिलाएं भाग लेंगी।कार्यक्रम में सशस्त्र बलों, पुलिस, मीडिया, स्वास्थ्य, खेल, उद्योग, सरकारी संस्थानों और जमीनी संगठनों से जुड़ी महिलाएं शामिल होंगी। प्रतिभागी ‘शी लीड्स भारत’ थीम के साथ एकजुट होकर महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करेंगी।इस वॉक का नेतृत्व महिला जनप्रतिनिधि करेंगी, जिनमें केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख महिला हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य व्यक्तियों के संक्षिप्त संबोधन से होगी और इसके बाद वॉक को हरी झंडी दिखाई जाएगी।कर्तव्य पथ पर महिलाओं से जुड़ी प्रमुख सरकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इंडिया गेट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें वंदे मातरम की सामूहिक प्रस्तुति के साथ डोल्लू कुनिथा, कलारिपयट्टू, श्रृंगारिमेलम, रणचंडी और घूमर जैसे पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
Screenshot
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal