लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। यदि बचपन से ही कुछ कर गुजरने की तमन्ना हो और हौसले बुलंद हों तो आर्थिक बाधाएं भी रास्ता नहीं रोक पातीं। कुछ ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी उन्नाव जनपद के औरास ब्लॉक के गांव गोहली निवासी छाया शर्मा की है। छाया नमकीन बनाकर न केवल अपने बचपन का सपना पूरा कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को रोजगार देकर उनके जीवन में भी मिठास घोल रही हैं। इससे महिलाएं घर के खर्च में भी सहयोग दे पा रही हैं।

छाया शर्मा ने वर्ष 2019 में 10 महिलाओं को साथ लेकर वैभव लक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह का गठन किया। करीब एक वर्ष बाद समूह ने एक लाख दस हजार रुपये का ऋण लेकर घर से ही नमकीन बनाने का काम शुरू किया। महिलाएं मिलकर नमकीन तैयार करती हैं और उसे 250 ग्राम, 500 ग्राम और एक किलोग्राम के पैकेट में पैक करती हैं। इन पैकेटों की बिक्री औरास सहित आसपास के गांवों की दुकानों में की जाती है।
ये भी पढ़ें : जरदोजी से आत्मनिर्भर बनी पूनम, गांव की महिलाओं को भी बना रहीं सशक्त
छाया बताती हैं कि शुरुआत में ग्रामीण महिलाओं को इस काम से जोड़ना आसान नहीं था। कई परिवार अपनी महिलाओं को घर से बाहर निकलकर काम करने की अनुमति नहीं देते थे। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार समझाने-बुझाने के बाद परिवारों को तैयार किया। आज वही महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

छाया शर्मा के अनुसार उनके नमकीन की गुणवत्ता अच्छी होने के कारण मांग लगातार बढ़ रही है। दुकानों के अलावा मेले और महोत्सवों में लगाए जाने वाले उनके स्टॉल पर भी अच्छी बिक्री होती है। हालांकि घर से काम करने के कारण वह बढ़ती मांग को पूरा नहीं कर पा रही हैं।
ये भी पढ़ें : टेडी बियर ने बदली केतकी देवी की तकदीर, महिलाओं को दे रहीं रोजगार
छाया का सपना नमकीन की फैक्ट्री स्थापित करने का है, जिससे अधिक उत्पादन हो सके और ज्यादा महिलाओं को रोजगार मिल सके। इसके लिए उन्होंने ऋण के लिए आवेदन भी किया है, लेकिन अभी तक उन्हें सफलता नहीं मिल सकी है। बावजूद इसके, छाया अपने हौसले और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal