नई दिल्ली : भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण दुबई में फंसे रहने के बाद मंगलवार को सुरक्षित भारत लौट आईं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु पिछले शनिवार से दुबई में रुकी हुई थीं, जब वह ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए यात्रा कर रही थीं। हालात बिगड़ने के कारण उन्हें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से नाम वापस लेना पड़ा।सिंधु ने सोशल मीडिया पर लिखा, “बेंगलुरु में घर वापस आकर सुरक्षित हूं। पिछले कुछ दिन बेहद तनावपूर्ण और अनिश्चित रहे लेकिन घर लौटकर बेहद राहत महसूस हो रही है। इस कठिन समय में हमारी मदद करने वाली ग्राउंड टीम, दुबई प्रशासन, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन अधिकारियों और हर उस व्यक्ति का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने हमारी देखभाल की। उनकी संवेदनशीलता और पेशेवर रवैया शब्दों से परे है। फिलहाल आराम कर आगे की योजना पर विचार करूंगी।”सिंधु अपनी टीम और इंडोनेशियाई कोच इरवांशाह आदि प्रातामा के साथ दुबई में थीं। रविवार को दुबई एयरपोर्ट के पास उनके ठहरने के स्थान के नजदीक विस्फोट की घटना के बाद उन्हें एहतियातन सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया था।सिंधु को टूर्नामेंट के पहले दौर में थाईलैंड की खिलाड़ी सुपानिदा कातेथोंग से मुकाबला करना था।गौरतलब है कि शनिवार को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। इसके जवाब में ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिससे क्षेत्र के कई हिस्सों में हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal