ब्रिस्बेन : ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज क्रिकेटर मेग लेनिंग अगले महीने क्वींसलैंड में आयोजित होने वाली अंडर-19 महिला त्रिकोणीय शृंखला में ऑस्ट्रेलिया के सहयोगी स्टाफ से जुड़ेंगी। इस बात की जानकारी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को दी।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से वर्ष 2023 में संन्यास लेने वाली मेग लेनिंग इस शृंखला में विकास कोच की भूमिका निभाएंगी। यह त्रिकोणीय श्रृंखला 30 मार्च से 18 अप्रैल तक ब्रिस्बेन और गोल्ड कोस्ट में खेली जाएगी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के अलावा इंग्लैंड और श्रीलंका की टीमें भी भाग लेंगी।मेग लेनिंग मुख्य कोच क्रिस्टन बीम्स के साथ कार्य करेंगी।सहयोगी कोच के रूप में लीसा कीटली और क्लाइव रोज़ भी टीम से जुड़े रहेंगे। यह कोचिंग में लेनिंग की दूसरी पारी होगी। इससे पहले वह पिछले वर्ष आयोजित लेनिंग बनाम पेरी श्रृंखला में सहायक भूमिका निभा चुकी हैं।क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस श्रृंखला के लिए 14 सदस्यीय टीम की भी घोषणा की है।चयनित खिलाड़ियों में कई ऐसी प्रतिभाएं शामिल हैं, जो पहले ही सीनियर घरेलू क्रिकेट में पदार्पण कर चुकी हैं। यह सभी खिलाड़ी वर्ष 2027 में बांग्लादेश और नेपाल में आयोजित होने वाले अंडर-19 महिला विश्व कप के लिए चयन के पात्र होंगी।मुख्य कोच क्रिस्टन बीम्स ने बयान में कहा कि युवा चयन पैनल ने श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए संतुलित और मजबूत टीम का चयन किया है।उन्होंने कहा कि इस गर्मी में सभी 14 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और आगामी अंडर-19 विश्व कप अभियान को ध्यान में रखते हुए पात्र खिलाड़ियों को अवसर देना महत्वपूर्ण था। उनके अनुसार यह श्रृंखला ऑस्ट्रेलिया की उभरती प्रतिभाओं को दो मजबूत टीमों के खिलाफ अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करेगी।राष्ट्रीय विकास प्रमुख सोन्या थॉम्पसन ने कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपनी प्रतिभा विकास प्रणाली को मजबूत करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह टीम श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ इस अवसर का पूरा लाभ उठाएगी।ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम इससे पहले महिला अंडर-19 टी-20 विश्व कप के पहले दो संस्करणों में सेमीफाइनल तक पहुंच चुकी है और वर्ष 2027 में पहली बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम:इरा एरी, ईवा बेयर्ड, मिया बारविक, एलिसा डर्मोडी, एवा ड्र्यूरी, आयला जॉनसन, शिलोह जूलियन, औरोरा मावरोस, इंदिरा पनेली, एमिली पॉवेल, चेल्सी सोंटर, आयाका स्टैफोर्ड, फिलिपा सुएसी और टीगन विलियमसन।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal