Friday , February 27 2026

गुलमर्ग में अगला खेलो इंडिया विंटर गेम्स होगा 15 दिन का महोत्सव

गुलमर्ग : जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल गुलमर्ग में आयोजित छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स के दूसरे चरण के समापन समारोह में केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में गुलमर्ग में होने वाले विंटर गेम्स को चार दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे 15 दिन के भव्य खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा।समारोह गुलमर्ग के प्रतिष्ठित गुलमर्ग गोल्फ कोर्स में आयोजित हुआ, जहां मंत्री ने कहा कि “गुलमर्ग आने वाले समय में विंटर स्पोर्ट्स का ग्लोबल हब बनने जा रहा है।” उन्होंने कहा कि खेल समाज को जोड़ने, सौहार्द बढ़ाने और विकास को गति देने का माध्यम है तथा जम्मू-कश्मीर खेलों के जरिए प्रगति का नया अध्याय लिख रहा है।15 दिन का इंटीग्रेटेड विंटर फेस्टिवलडॉ मांडविया ने घोषणा की कि भविष्य में विंटर गेम्स को पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ जोड़ते हुए 15 दिनों तक आयोजित किया जाएगा। इसमें स्कीइंग और स्नो माउंटेनियरिंग जैसी प्रतिस्पर्धाओं के साथ ‘फिट इंडिया कार्निवल’ और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल होंगे, ताकि इसे उत्सव का स्वरूप दिया जा सके।उन्होंने कहा कि कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता और पिर पंजाल की बर्फीली वादियां विश्वस्तरीय पर्यटन और खेल आयोजन की अपार संभावनाएं रखती हैं, जिन्हें वैश्विक पहचान दिलाने के लिए और प्रयास किए जाएंगे।राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापनाविंटर स्पोर्ट्स को मजबूत आधार देने के लिए जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (NCoE) स्थापित करने की भी घोषणा की गई। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी उपलब्ध कराना है।सेना बनी चैंपियनसमापन समारोह में डॉ मांडविया ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 की चैंपियन ट्रॉफी भारतीय सेना की टीम को प्रदान की। सेना ने कुल 23 पदक (9 स्वर्ण, 6 रजत और 8 कांस्य) जीतकर खिताब बरकरार रखा। हिमाचल प्रदेश 14 पदकों (6 स्वर्ण, 7 रजत, 1 कांस्य) के साथ उपविजेता रहा, जबकि हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा।उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 का पहला चरण 20 से 26 जनवरी के बीच लद्दाख में आयोजित हुआ था। गुलमर्ग और लेह में आयोजित प्रतियोगिताओं में 25 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 900 से अधिक खिलाड़ियों ने छह खेल विधाओं में भाग लिया।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खेलो भारत नीति देश के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और खेलों को राजनीति से दूर रखते हुए खिलाड़ी-केंद्रित नीतियां लागू की जा रही हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा बलों की सफल आयोजन के लिए सराहना भी की।——————-